नस्लीय हिंसा ! बिहार की भाषा समझ नहीं आई तो युवक को बेरहमी से पीटा
punjabkesari.in Monday, May 25, 2026 - 04:44 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): डीएलएफ फेज-3 में नस्लीय हिंसा का मामला सामने आया। एक निजी कंपनी में काम करने वाले बिहार मूल के युवक को महज इसलिए बेरहमी से पीटकर अधमरा कर दिया गया, क्योंकि हमलावरों को उसकी भाषा (बोली) समझ नहीं आ रही थी। आरोपियों ने पीड़ित पर तब तक थप्पड़ और मुक्कों की बरसात की, जब तक वह लहूलुहान होकर बेहोश नहीं हो गया। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं के तहत डीएलएफ फेज-तीन थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से बिहार के जिला भोजपुर ग्राम संदेरा जिला भोजपुर के रहने वाले आदित्य राज पाण्डेय गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-3 के यू-ब्लॉक में किराए पर रहते हैं। वह सेक्टर-48 स्थित टेली परफॉर्मेंस कंपनी में नौकरी करते हैं। 20 मई की रात को उनके सहकर्मी और दोस्त अंश त्यागी ने फोन कर उन्हें अपने एक अन्य दोस्त जोएल के कमरे पर मिलने के लिए बुलाया। आदित्य रात करीब दो बजे जब दोस्त के कमरे पर पहुंचे, तो वहां पहले से ही अंश त्यागी, जोएल के अलावा उदय सनसनवाल, निखिल सनसनवाल और एक लड़की मौजूद थे। कुछ देर बाद जोएल नीचे बाजार से खाने-पीने का सामान लेने चला गया। कमरे में मौजूद उदय और निखिल शराब के नशे में पूरी तरह धुत थे।
पीड़ित आदित्य ने बताया कि बातों-बातों में अचानक उदय और निखिल उनके रहने के स्थान और उनकी भाषा को लेकर ताने देने लगे। उन्होंने कहा हमें तुम्हारी भाषा समझ में नहीं आ रही है। इसके बाद दोनों गाली-गलौज पर उतर आए। जब आदित्य ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई, तो आरोपी उदय ने उन्हें एक जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। वहां मौजूद दोस्त अंश त्यागी ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग करने की कोशिश की, लेकिन नशे में धुत्त उदय और निखिल ने आपा खो दिया। दोनों ने मिलकर आदित्य को घेर लिया और उसके सिर, चेहरे और आंखों पर ताबड़तोड़ थप्पड़ और मुक्के बरसाने शुरू कर दिए। इसी बीच जोएल भी नीचे से कमरे में वापस आ गया। अंश और जोएल ने बड़ी मुश्किल से आदित्य को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया।
पीड़ित का कहना है कि अगर दोनों दोस्त समय पर नहीं बचाते, तो आरोपी उसे जान से मार डालते। वारदात को अंजाम देकर आरोपी जाते-जाते जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। गंभीर चोटों के कारण आदित्य मौके पर ही बेहोश हो गए थे। उनका दोस्त जोएल उन्हें तुरंत इलाज के लिए पास के निजी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उनका इलाज चल रहा है। जांच अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।