अब साइकिल भी दौड़ेगी 60 कि.मी. प्रति घंटे के हिसाब से, युवक ने किया कमाल

punjabkesari.in Wednesday, Nov 28, 2018 - 10:19 AM (IST)

हिसार(राठी): अब सड़कों पर साइकिल भी 60 कि.मी. प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ती नजर आएगी। ऐसा कारनामा कर दिखाया है कि गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रथम वर्ष के विद्यार्थी आशीष ने। आशीष ने हाइब्रिड इलैक्ट्रिक साइकिल तैयार की है। आशीष ने बताया कि यह साइकिल 60 कि.मी. से ज्यादा प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ सकती है। इसका वजन लगभग 50 किलोग्राम है। 

इसमें सामान्य से कुछ मोटे टायर लगे हुए हैं। यह साइकिल बैटरी व हाईपावर मोटर से ऑपे्रट होती है तथा पैडल से भी चलाई जा सकती है। इसमें हॉर्न, इंडिकेटर, डिजीटल मीटर, हैडलाइट, बैकलाइट, ब्रेकलाइट, सैंसर, आदि उपकरण लगे हुए हैं। इसकी शक्ति क्षमता 220 किलोग्राम भार हैं। साइकिल की बैटरी 4 से 5 घंटे में चार्ज होगी तथा एक बार चार्ज होने के बाद 50 से ज्यादा किलोमीटर तक चलती है। 

माता-पिता को दिया श्रेय 
आशीष ने इसका श्रेय अपने माता-पिता को दिया है। उन्होंने कहा कि उनका परिवार पूरी तरह से उनकी मदद करता है। आशीष विद्यालय जीवन से ही नए-नए प्रोजैक्ट बनाने की रुचि रखते हैं।   

दुकान संभालने के साथ करता है बी.टैक. की पढ़ाई 
आशीष एक मध्यमवर्गीय परिवार से संबंध रखते हैं।  इनके पिता गांव मोहब्बतपुर ढाणी में करियाने की दुकान करते हैं, जो कि पिछले कुछ समय से बीमार रहते हैं। इनकी माताजी गृहिणी हैं। ये 3 भाई हैं।  पिता की बीमारी के चलते उनके सबसे बड़े भाई पढ़ाई के साथ-साथ दुकान का काम संभाल रहे हैं। दूसरे बड़े भाई महॢष दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक से बी.टैक. की पढ़ाई कर रहे हैं।  

आशीष ने बताया कि अगर उन्हें वित्तीय सहायता मिले तो वे अच्छे से नए प्रोजैक्ट बना सकते हैं। गुजवि के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने कहा कि इस इनोवेटिव आइडिया के लिए विद्यार्थी बधाई का पात्र है। उन्होंने कहा कि आइडियाज को विकसित करने के लिए विद्यार्थी को प्रोत्साहित किया जाएगा। 
 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Rakhi Yadav

Recommended News

Related News

static