एयर फोर्स पेपर लीक मामले का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

punjabkesari.in Monday, Dec 03, 2018 - 09:59 AM (IST)

झज्जर(मनोज): झज्जर पुलिस की एक टीम ने एक लाख के ईनामी बदमाश को अवैध हथियार के साथ थाना बेरी एरिया से काबू किया। सी.आई.ए. प्रभारी झज्जर निरीक्षक योगेश कुमार ने बताया कि सी.आई.ए. टीम झज्जर छुछकवास रोड पर स्थित ग्वालिसन के पास गश्त पर थी। छुछकवास की तरफ से पैदल आ रहे एक व्यक्ति को शक के बिनाह पर काबू किया गया। उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से एक देसी पिस्तौल बरामद हुआ। 

पूछताछ में उसकी पहचान जितेंद्र पुत्र लाभ सिंह निवासी गांव भैणी चंद्रपाल जिला रोहतक हाल सूर्य नगर लाढोत रोड रोहतक के तौर पर की गई। आरोपी ने पेपर लीक करने के 3 मामलों का खुलासा किया। आरोपी रोहतक में हुए एयरफोर्स के पेपर को लीक करवाने का मुख्य आरोपी था। आरोपी पर रोहतक, यमुनानगर व भिवानी में पेपर लीक करने के अलग-अलग मामले दर्ज हैं। 

रोहतक पुलिस ने उपरोक्त आरोपी को पकडऩे के लिए उस पर एक लाख का ईनाम घोषित कर रखा था। आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन भिवानी में क्लर्क व यमुनानगर में रोडवेज का पेपर लीक करवाने के संबंध में मुकद्दमा 10 सितम्बर 2017 को अंकित किया गया था। यमुनानगर तथा भिवानी में दर्ज मामलों में आरोपी जमानत पर छूटा हुआ था। जबकि रोहतक में दर्ज मामले में लगातार पुलिस से छिपता हुआ फरार चल रहा था। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Rakhi Yadav

Recommended News

Related News

static