कांग्रेस है महात्मा गांधी की हत्यारिन : कंवरपाल

punjabkesari.in Saturday, Oct 10, 2015 - 01:58 PM (IST)

यमुनानगर (सुमित अॉबरोय) : कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष द्वारा बीजेपी और आरएसएस को महात्मा गांधी का हत्यारा कहे जाने पर हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष ने कड़ी आपत्ति जताई है। विधानसभा अध्यक्ष कंवरपाल ने कांग्रेस को ही महात्मा गांधी को हत्यारा करार देते हुए इस विषय पर एक नई चर्चा छेड़ दी है।

आमतौर पर अपने शांत स्वभाव के लिए चर्चा में रहने वाले हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष कंवरपाल गुर्जर ने अब अपने तीखे तेवर भी दिखाने शुरू कर दिए हैं। हालांकि वह राजनीति पर अब अधिक बात नहीं करते, लेकिन जब बात आरएसएस से जुड़ी हो तो वह चुप भी नहीं रह सकते। बीते दिनों हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक तंवर ने बीजेपी और आरएसएस को महात्मा गांधी का हत्यारा कहा था। इसके जवाब में अब विधानसभा अध्यक्ष ने कांग्रेस पर हल्ला बोला है।

विधानसभा अध्यक्ष कंवरपाल की मानें तो पहले भी आरएसएस के खिलाफ बोलने पर कांग्रेस के नेताओं ने माफी मांगी है। उनकी माने तो अशोक तंवर किसी प्रकार से अध्यक्ष बन गए हैं, वैसे वह इस लायक नहीं हैं। कंवरपाल की माने तो महात्मा गांधी की हत्या के आरोप में उस समय 60 हजार लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इतना ही नहीं, उस समय कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे सरदार पटेल ने भी कहा था कि इस हत्या में आरएसएस का कोई हाथ नहीं है। उनकी मानें तो महात्मा गांधी एक महापुरुष थे और महापुरुष के विचारों की हत्या करना ही उसकी असली हत्या होती है। इसलिए कांग्रेस ने ही महात्मा गांधी की हत्या की है। बीजेपी तो आज भी महात्मा गांधी के सिद्धांत पर ही चल रही है।
 
विधानसभा अध्यक्ष ने महात्मा गांधी को राष्ट्रपिता कहे जाने पर भी आपत्ति जताई है। उनके अनुसार महात्मा गांधी को राष्ट्रपिता कहा जाना सही नहीं है। राष्ट्रपिता की उपाधि देना तो इंग्लैंड और अमेरिका का काम था। वह तो एक महापुरुष थे और वह उन्हें एक महापुरुष ही कहेंगे। उन्होंने इतना जरूर कहा कि महात्मा गांधी एक बड़े नेता थे और उनके लिए बोलना और कुछ कहने के लिए वह बहुत छोटे व्यक्ति हैं। बता दे कि दो अक्तबूर के दिन बीजेपी प्रवक्ता सुरेश पाल अमू ने महात्मा गांधी को राष्ट्रपिता मानने से इंकार किया था।
 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static