काले झंडे व गुब्बारों से शाह की रैली का विरोध करेगी इनैलो : अरोड़ा

punjabkesari.in Tuesday, Feb 13, 2018 - 10:15 AM (IST)

चंडीगढ़(ब्यूरो): इनैलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने कहा कि उनकी पार्टी 15 फरवरी को जींद में होने वाली अमित शाह की रैली का काले झंडे और काले गुब्बारे दिखाकर विरोध करेगी। पार्टी यह विरोध इसलिए कर रही है, क्योंकि उनकी इस रैली से पहले नेता विपक्ष अभय सिंह चौटाला ने उन्हें पत्र लिखकर यह आश्वासन देने की मांग की थी। उनकी मांग थी कि हरियाणा में आने से पहले वह एस.वाई.एल. निर्माण की घोषणा करें लेकिन भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्र सरकार के रवैये से साफ है। वह एस.वाई.एल. मुद्दे को लटकाना चाहते हैं।

अरोड़ा पार्टी प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों को सम्बोधित कर रहे थे। उनके साथ रामपाल माजरा सहित अन्य मौजूद थे। उन्होंने कहा कि भाजपा एक ओर तो देशभक्त होने का ढोंग करती है। वहीं भाजपा मुख्यमंत्री के गृह जिले में एक शहीद की विधवा को रोजगार के लिए मुंडन करवाना पड़ता है। जोकि राजकीय शर्म की बात है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार गोवा के मंत्री ने हरियाणा की छवि को खराब करने की कोशिश की है। उसके खिलाफ मुख्यमंत्री हरियाणा को केंद्र सरकार से उनकी बर्खास्तगी की मांग करनी चाहिए। 

इनैलो गोवा के मंत्री के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज करवाएगी। साथ ही इस मामले को कोर्ट में भी ले जाएगी। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि भाजपा किस उपलब्धि या मुद्दे को लेकर रैली का आयोजन कर रही है। 3 साल के कार्यकाल में भाजपा ने प्रदेश को 3 बार जलाने का काम किया है। उन्होंने इस बात पर भी चिंता व्यक्त की कि प्रदेश में युवाओं के पास रोजगार नहीं है। वहीं यह शर्म की बात है कि भाजपा ने जींद रैली को ‘युवा संगठन’ रैली का नाम दिया है। 

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने रविदास जयंती पर अनुसूचित जाति के लोगों को डी.सी. रेट और अनुबंध के आधार पर दी जाने वाली नौकरियों में 10 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की बात कही है। जबकि संवैधानिक तौर पर यह उनका आरक्षण कम करने का
भाजपा सरकार का प्रयास है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static