सड़क चौड़ीकरण के लिए तीन दिन चली तोड़फोड़ की कार्रवाई

punjabkesari.in Saturday, Feb 21, 2026 - 07:27 PM (IST)

फर्रुखनगर,  (ब्‍यूरो): कस्बा फर्रुखनगर के फाजिलपुर मोड़ से बस अड्डे तक 66 फुट चौड़ी सड़क से अवैध निर्माण की कार्यवाही तीसरे रोज भी जारी रही । वीरवार से शुरू हुआ अतिक्रमण हटाओ अभियान शनिवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। जिला योजनाकार विभाग (डीटीपी) के नोडल अधिकारी आर एस भाट की टीम ने सड़क मार्ग को चौड़ा करने के लिए रास्ते में आ रहे अवैध निर्माणों को हटाने के लिए बड़ी कार्रवाई करते हुए तोड़फोड़ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीनों व पॉपलैंड की मदद से कई स्थानों पर बने अस्थायी ढांचे और दुकानों के आगे निकले शेड हटाए गए।

 

मौके पर भारी पुलिस बल भी तैनात रहा, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने। अधिकारियों के अनुसार यह कदम लंबे समय से लंबित 66 फुट चौड़ी सड़क परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक था। डीटीपी विभाग के नोडल अधिकारी आर.एस. बाट के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। बाट का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण से क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिलेगी और बस अड्डे तक आवागमन सुगम होगा। हालांकि कार्रवाई को लेकर कुछ स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों में नाराजगी भी देखने को मिली।

 

प्रभावित लोगों का कहना है कि उन्हें पर्याप्त समय और स्पष्ट सूचना नहीं दी गई जिससे उनका आर्थिक नुकसान हुआ है। कुछ व्यापारियों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग भी की है। वहीं, कई स्थानीय नागरिकों ने सड़क निर्माण का समर्थन करते हुए कहा कि फर्रुखनगर में बढ़ते यातायात को देखते हुए चौड़ी सड़क की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और सड़क निर्माण परियोजना को निर्धारित मानकों के अनुसार पूरा किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Gaurav Tiwari

Related News

static