नर्स की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया पति पर इंजेक्शन देकर हत्या करने का आरोप
punjabkesari.in Friday, Mar 20, 2026 - 02:38 PM (IST)
गुड़गांव,(ब्यूरो): निजी अस्पताल में काम करने वाली 23 वर्षीय नर्स की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मृतका के परिवार ने उसके पति पर जहरीला इंजेक्शन लगाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बुधवार को सेक्टर-10ए थाने में दहेज हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, गढ़ी हरसरु निवासी काजल एक निजी अस्पताल में नर्स थी। वहीं पर उसकी मुलाकात मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कानपुर बेला गांव निवासी अरुण शर्मा से हुई, जो उसी अस्पताल में एक्स-रे विभाग में काम करता था। दोनों के बीच जान-पहचान बढ़ी और करीब चार महीने पहले दोनों ने शादी कर ली थी। शादी के बाद वे बसई इलाके में किराये पर रहते थे। हालांकि अरुण ने फिलहाल नौकरी छोड़ रखी थी और वह नशे का आदि बताया जा रहा है।
काजल होली के त्योहार पर गढ़ी हरसरू गांव स्थित अपने मायके आई हुई थी, उसका पति अरुण भी उसके साथ वहीं था। भाई गुरदीप ने आरोप लगाया कि 18 मार्च की सुबह दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। अरुण पहली मंजिल पर था और उसने काजल को बात करने के बहाने नीचे ग्राउंड फ्लोर पर बुलाया।
परिजनों का आरोप है कि नीचे बुलाने के महज 10 मिनट के भीतर ही काजल की हालत बिगड़ गई और उसकी नाक से खून बहने लगा। उसे तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों को घर के बाथरूम से एक संदिग्ध इंजेक्शन भी बरामद हुआ है, जिससे यह शक गहरा गया है कि काजल को इंजेक्शन में कोई जहरीला पदार्थ देकर हत्या की गई।
सेक्टर-10ए थाना पुलिस की टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मृतका के भाई की शिकायत पर दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और इंजेक्शन में मौजूद साल्ट का पता चल सकेगा।