100 बैड पर 288 मरीज दाखिल, पढ़ें पूरी खबर

punjabkesari.in Thursday, Oct 27, 2016 - 04:23 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (विनोद): एल.एन.जे.पी. अस्पताल में कई दिनों से मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। कई वार्डों में 1 बैड पर 2-2 मरीज इलाज करवा रहे हैं। कई मरीजों को तो फर्श पर बैठकर इंतजार करना पड़ रहा है। वैसे तो अस्पताल में केवल 100 बैड हैं मगर इन दिनों अस्पताल में 288 मरीज दाखिल होकर इलाज करवा रहे हैं। 


महिला वार्ड के बाहर मरीजों का तांता अक्सर लगा दिखता है। सूत्रों के अनुसार सरकारी अस्पताल में सरकार की तरफ से डाक्टरों की 42 पोस्ट निर्धारित हैं मगर वर्तमान में केवल 32 डाक्टर मरीजों को सम्भाल रहे हैं। प्रतिदिन ओ.पी.डी. में मरीजों की संख्या भी गत दिनों 2,200 तक पहुंच गई थी जो आज घटकर 1,800 रह गई है क्योंकि डाक्टरों के अनुसार इन दिनों हैल्दी सीजन चल रहा है, इसलिए मरीजों की संख्या घटी है। 


महिला वार्ड में केवल 39 बैड हैं, जबकि 95 मरीज दाखिल हैं। एल.एन.जे.पी. अस्पताल के  मैडीकल सुपरिंटैंडैंट डा. मुकेश कुमार का कहना है कि अस्पताल में बैड कम होने की वजह से मरीजों के इलाज व डाक्टरों की संख्या कम होने की वजह परेशानी का कारण है।


5 जिलों में केवल 1 अल्ट्रासाऊंड सैंटर
सूत्रों के अनुसार एल.एन.जे.पी. अस्पताल में अल्ट्रासाऊंड सैंटर के बाहर मरीजों का तांता लगा रहता है। इनमें अधिकतर मरीज महिलाएं होती हैं। अल्ट्रासाऊंड कर रहे डा. अजय शेर का कहना है कि मरीजों की संख्या इसलिए बढ़ रही है क्योंकि कुरुक्षेत्र के आस-पास 4 जिलों में अल्ट्रासाऊंड मशीनें व डाक्टर नहीं हैं। सूत्र बताते हैं कि वर्तमान में यमुनानगर, करनाल, कैथल, जींद के सरकारी अस्पताल में अल्ट्रासाऊंड नहीं हो पा रहे हैं। यही वजह है कि एल.एन.जे.पी. अस्पताल में प्रतिदिन 50-60 मरीजों के अल्ट्रासाऊंड किए जा रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static