किसान नेता प्रह्लाद सिंह पर हुए हमले में 3 आरोपी काबू, जमीनी विवाद के चलते दिया था वारदात को अंजाम
punjabkesari.in Thursday, Aug 25, 2022 - 04:16 PM (IST)

सिरसा (सतनाम) : बीते दिनों किसान नेता प्रह्लाद सिंह भारूखेड़ा पर हुए हमले के मामले में सिरसा पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। यह जानकारी थाना प्रभारी बनवारी लाल ने दी। उन्होंने बताया कि जमीनी विवाद के चलते प्रह्लाद सिंह पर हमला हुआ था। इसमें उन्हें गंभीर चोटे लगी थी। पुलिस ने प्रह्लाद सिंह भारूखेड़ा के बयान पर विभिन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।
गौरतलब है कि हरियाणा किसान मंच के प्रदेश अध्यक्ष प्रह्लाद सिंह भारूखेड़ा अपनी जमीन की तरफ जा रहे थे तभी कुछ लोगों ने रास्ते में उनकी गाड़ी के आगे ट्रैक्टर ट्रॉली से रास्ता बाधित किया और उनकी गाड़ी पर हमला कर दिया। इस हमले में प्रह्लाद सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं उनकी गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई थी। घायल प्रह्लाद को इलाज के लिए सिरसा के नागरिक हॉस्पिटल में लाया गया जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए फर्स्ट एड के बाद उन्हें हिसार के लिए रेफर कर दिया गया।
थाना प्रभारी बनवारी लाल ने बताया कि पुलिस प्रह्लाद सिंह के बयान पर आरोपियों के खिलाफ विभिन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुमित, मनिंदर सिंह और ओम प्रकाश के रुप में हुई है। उन्होंने बताया कि इस मामले में जो अन्य बचे आरोपी है, उनकी भी जल्द गिरफ्तारी कर ली जाएगी। फ़िलहाल प्रह्लाद सिंह का इलाज हिसार के अस्पताल में चल रहा है।