Nuh में भरभरा कर गिरा मकान, 2 मासूम बच्चों की हुई मौत, 1 बच्चे की हालत गंभीर

punjabkesari.in Monday, Aug 11, 2025 - 12:06 PM (IST)

नूंह (अनिल मोहनिया) : हरियाणा के नूंह जिले में पिछले दो दिन हुई रिमझिम बारिश के कारण रविवार–सोमवार की रात पिनगवां खंड के गांव रीठठ में एक मकान भरभरा कर गिर गया। जिसमें एक ही परिवार के 5 लोग दब गए। इस हादसे में 2 बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए नल्हड़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां एक बच्चे की गंभीर हालत देखते हुए उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

रात को मकान के अंदर सो रहा था परिवार 

गांव रीठठ के रहने वाले हाजी इकबाल ने बताया कि उनके बेटे सलीम ने वर्ष 2010 में खेतों पर मकान बनाया था। जिसमें वह अपने परिवार के साथ रहता है। बीते दिन सलीम अपने बच्चों के साथ घर में सो रहा था। रविवार– सोमवार की रात करीब 1 बजे मकान की पीछे वाली दीवार गिर गई। पीछे एक खाली खेत था, जिसमें दो दिन पहले हुई बरसात के कारण पानी भरा हुआ था। दीवार के गिरने से दो कमरों की छत टूटकर नीचे गिर गई। एक कमरे के अंदर सो रहा सलीम का पूरा परिवार दब गया। रात के समय इस हादसे की सूचना जैसे ही ग्रामीणों को लगी वैसे ही मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई और बचाव कार्य में जुट गए। 

दो बच्चों की मौत 3 घायल 

हाजी इकबाल ने बताया कि हादसे के बाद मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। कड़ी मशक्कत के बाद दबे हुए पांच लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया। जिनमें से उम्मर (12) और नायरा (7 ) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सलीम,उसकी पत्नी और एक 5 साल का लड़का गंभीर रूप से घायल हो गया। जिन्हें रात को ही नल्हड़ मेडिकल कॉलेज भर्ती किया गया। जहां से 5 साल के लड़के की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static