हांसी में दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, चाकू से गोदकर उतारा मौत के घाट, इलाके में फैली सनसनी

punjabkesari.in Tuesday, Feb 03, 2026 - 04:10 PM (IST)

हांसी (संदीप सैनी): हांसी शहर के पॉश एरिया सेक्टर-6 में दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर व रिटायर्ड पंचायत सेक्टरी सुभाष मलिक की उनके कार्यालय में चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि उनके सिर व हाथ पर चाकू से वार किए गए हैं। उनकी पत्नी खाने के लिए बुलाने उनके ऑफिस पहुंची तो उन्हें घटना की जानकारी मिली। 

जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार सुबह की बताई जा रही है। वहीं, आसपास के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज बंद मिले हैं जिसके चलते पुलिस को आरोपियों की पहचान करने में परेशानी हो रही है। प्रॉपर्टी डीलर के शव को नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा गया है। जहां परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। 

मौके पर पहुंची फोरेंसिक एक्सपर्ट टीम 

PunjabKesari
फिलहाल घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर डीएसपी विनोद शंकर व शहर थाना प्रभारी सुखजीत पहुंच गए हैं। फोरेंसिक एक्सपर्ट टीम मौके पर साक्ष्य जुटा रही है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि सुभाष मलिक सेक्टर-6 के शॉपिंग सेंटर में माया प्रॉपर्टीज के नाम से प्रॉपर्टी डीलिंग का ऑफिस चलाते हैं। वह प्रतिदिन सुबह पांच बजे आकर कार्यालय खोल देते हैं।

पत्नी ने ऑफिस में देखा शव 
मंगलवार को जब वह कार्यालय खोलने के बाद घर नहीं आए तो उनकी पत्नी उन्हें खाना खाने के लिए बुलाने उनके कार्यालय में पहुंची। जिसके बाद पत्नी ने ऑफिस में अपने पति को लहूलुहान अवस्था में देखा और शोर मचाया। आसपास के लोग वहां पर एकत्रित हुए। उन्हें पहले निजी अस्पताल में ले जाया गया जहां से उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। 

इसके बाद शव को नागरिक अस्पताल में लेकर पहुंचे। उनके कार्यालय के पास में ही रहने वाले हांसी के सर्व व्यापार मंडल के प्रधान बजरंग बंसल ने बताया कि कार्यालय में रखा हुआ हुक्का भी टूटा हुआ था। जिससे लग रहा है कि हत्या से पहले उन्होंने जान बचाने के लिए काफी संघर्ष किया होगा। घटना की जानकारी देते हुए अनाज मंडी चौकी प्रभारी धर्मवीर ने बताया कि मामले में छानबीन की जा रही है। परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Deepak Kumar

Related News

static