हादसा : आवर्धन नहर में गिरी होंडा सिटी कार, ड्राइवर की मौत

punjabkesari.in Sunday, Dec 27, 2020 - 09:35 AM (IST)

यमुनानगर : यमुनानगर, 26 दिसम्बर (सतीश): शनिवार को होंडा सिटी कार टोडऱपुर के नजदीक आवर्धन नहर में जा गिरी। करीब डेढ़ बजे सदर यमुनानगर पुलिस को इस बारे सूचना मिली। सदर एस.एच.ओ. मनोज कुमार टीम सहित मौके पर पहुंचे। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो गाड़ी पानी में डूबी हुई नजर आ रही थी। गाड़ी की छत पर एक व्यक्ति पड़ा दिखाई दे रहा था। करीब 3 घंटे की मेहनत के बाद छत पर पड़े व्यक्ति को बाहर निकाला गया। हालांकि उसकी मौत हो चुकी थी।

आधार कार्ड के मुताबिक मृतक की पहचान विवेक चन्द्रनगर सहारनपुर के तौर पर हुई। मृतक सहारनपुर की फर्म अवतार लोजिस्टिक के यहां ड्राइवर था। वह इधर किस काम से आया, कब आया ये अभी स्पष्ट नहीं है। ये तभी स्पष्ट होगा जब पुलिस फर्म के संचालकों से पूछताछ कर लेगी। फर्म के संचालकों को सदर पुलिस ने सूचना दे दी है।

सैकड़ों लाग पहुंचे पटरी किनारे
कार किस समय गिरी अभी तक किसी को भी यह स्पष्ट नहीं हो पाया था। हालांकि शनिवार दोपहर जैसे ही नहर में कार दिखाई दी तो फैक्टरी की लेबर समेत सैकड़ों ग्रामीण पटरी किनारे पहुंच गए। ग्रामीण और लेबर भी मदद को आगे आए। शाम 5 बजे तक कार नहीं निकल पाई थी और इधर अंधेरा होने लगा था। पुलिस का कहना था कि कार के निकलने पर ही सारी चीजें स्पष्ट होंगी। उनका प्रयास है कि कार को जल्द से जल्द निकाला जाए।

इस नहर से दिल्ली जाता है पानी
जिस आवर्धन नहर में कार गिरी है इसका पानी मूनक हैड होते हुए दिल्ली जाता है। अगर शनिवार की ही बात करें तो करीब अढ़ाई हजार क्यूसिक पानी बह रहा था। नहर हमीदा हैड से मुनक हैड तक करीब 75 किलोमीटर लंबी है। गहराई की बात करें तो 13 फिट है, जबकि चौड़ाई 30 फिट से अधिक है। ये नहर बहुत ही महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी नहर के जरिये पीने का पानी दिल्ली को सप्लाई होता है। ऐसे में यदि कोई हादसा हो जाए तो बहाव को कम करना भी मुश्किल कम हो जाता है।

हो चुकी हैं इस तरह की घटनाएं पहले भी
ये कोई पहला मौका नहीं है, जब कार नहर में जा गिरी, इससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। पश्चिमी यमुना नहर की बात करें तो मधु कालोनी का एक परिवार कार को बैक कर रहा था। बाडी माजरा के नजदीक परिवार सहित गाड़ी नहर में जा गिरी थी, इसमें महिला की मौत हुई थी। इसके अलावा सड़क क्षतिग्रस्त थी, एक्टिवा सवार महिला असंतुलित हुई और नजर में जा गिरी। इतना ही नहीं छछरौली थाना के एरिया में एक बी.एम.डब्ल्यू. कार को नहर में धक्का दे दिया गया था। हालांकि ये कदम युवक ने गुस्से में उठाया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Manisha rana

Recommended News

Related News

static