अंबाला शहर को स्वच्छ बनाने के लिए असीम गोयल की अनोखी पहल, हाथ में झाड़ू व इलेक्ट्रिक स्कूटरी बनी संदेशवाहक
punjabkesari.in Saturday, May 16, 2026 - 02:36 PM (IST)
अंबाला (अमन कपूर) : अंबाला शहर को स्वच्छ बनाने के लिए पूर्व मंत्री असीम गोयल ने एक अनोखी पहल की है। सेक्टर 1 से सफाई अभियान की शुरुआत करने पहुंचे पूर्व मंत्री का अंदाज इस बार बिल्कुल जुदा नजर आया। वे खुद इलेक्ट्रिक स्कूटरी पर सवार होकर पहुंचे और खुद झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने सफाई कर्मचारियों के साथ चाय पी और संकट की घड़ी में एकजुटता दिखाने के लिए विपक्ष की भी तारीफ की।
हाथ में इलेक्ट्रिक स्कूटरी का हैंडल और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर तेल बचाने का संकल्प। अंबाला शहर के सेक्टर 1 में पूर्व मंत्री असीम गोयल जब इस अनोखे अंदाज में पहुंचे, तो हर कोई हैरान रह गया। स्कूटरी से उतरने के बाद पूर्व मंत्री ने खुद हाथ में झाड़ू थामी और सफाई अभियान की शुरुआत की। उन्होंने सफाई कर्मचारियों के साथ बैठकर चाय पी और उनका सम्मान भी किया। असीम गोयल ने कहा कि यह सिर्फ एक सांकेतिक शुरुआत है और पूरे शहर को इससे प्रेरणा लेनी चाहिए।
वहीं पूर्व मंत्री असीम गोयल जब कार्यक्रम में इलेक्ट्रिक स्कूटरी लेकर पहुंचे, तो हर कोई चर्चा करने लगा। इस पर असीम गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो अपील की है, उसे निभाना हम सभी का दायित्व बनता है। उन्होंने साफ किया कि ऊर्जा और पर्यावरण का संकट आज पूरे विश्व में है, अकेले भारत में नहीं। ऐसे में सभी को मिलकर सहयोग करना चाहिए।
इस संकट की घड़ी में सकारात्मक राजनीति का एक नजारा तब देखने को मिला, जब प्रधानमंत्री की अपील के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी एक ही कार में सफर करते दिखे। पूर्व मंत्री असीम गोयल ने इस पर विपक्ष की खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह विपक्ष की सकारात्मक सोच है और संकट के इस समय में सभी का दायित्व है कि वे साथ खड़े हों।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)