भव्य बिश्नोई को मिला ‘इंडिया-यूके अचीवर्स ऑनर्स’ अवार्ड, लंदन की संसद में दिया गया सम्मान
punjabkesari.in Friday, Jan 27, 2023 - 09:03 PM (IST)

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी) : आदमपुर से विधायक एवं भजन ग्लोबल इम्पैक्ट फाउंडेशन के उपाध्यक्ष भव्य बिश्नोई को यूके में ‘इंडिया-यूके अचीवर्स ऑनर्स’ के सम्मान से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान लंदन, यूनाइटेड किंगडम की संसद, वेस्टमिंस्टर के पैलेस में एक स्वागत समारोह में दिया गया। भव्य बिश्नोई के अलावा देश के अन्य 74 प्रतिष्ठित व्यक्तियों को यह सम्मान दिया गया है, जिनमें अभिनेत्री परिणिति चौपड़ा सहित फिल्म जगत की हस्तियां भी शामिल हैं।
बता दें कि भव्य बिश्नोई को यह अवार्ड ‘इंडिया-यूके अचीवर्स ऑनर्स’ भारत की 75वीं स्वतंत्रता वर्षगांठ के अवसर पर दिया गया। यह अवार्ड यूके में अध्ययन करने वाले भारतीय छात्रों की शैक्षिक और व्यावसायिक उपलब्धियों के लिए प्रदान किया गया है। यूके में रहकर पढ़ाई करने वाले भव्य बिश्नोई को आउटस्टैंडिंग अचीवर के रूप में चुना गया है।
विदित रहे कि भव्य बिश्नोई ने प्रतिष्ठित लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से पढ़ाई की है। इसके अलावा उन्होंने ऑक्सफोर्ड एवं हावर्ड यूनिवर्सिटी से भी मास्टर की पढ़ाई की है। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने सामाजिक संस्था भजन ग्लोबल इम्पैक्ट फाउंडेशन की स्थापना की और सक्रिय राजनीति में भी भाग लिया। हाल ही में हरियाणा की आदमपुर विधानसभा सीट से हुए उपचुनाव में जीत दर्ज करके वे पहली बार विधायक बने हैं।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)