हिसार में बीजेपी ने फूंका चुनावी बिगुल, सीएम मनोहर लाल और ओपी धनखड़ ने कार्यकर्ताओं को दिए जीत के टिप्स

punjabkesari.in Saturday, Jul 22, 2023 - 07:53 PM (IST)

हिसार(विनोद सैनी): भारतीय जनता पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए बिगुल फूंक दिया है। हिसार के जम्भेश्वर विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक बैठक में आगामी कार्यक्रमों का खाका खींचा गया। प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ की अध्यक्षता में हुई जिला अध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों की इस बैठक में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सरकार की नीतियों और उपलब्धियां बताई। साथ ही कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव में जीत के लिए टिप्स भी दिए। वहीं लोकसभा और विधानसभा चुनावों से पहले युवाओं को हजारों नौकरियां देने का ऐलान भी किया गया।

गरीब कल्याण पर विशेष ध्यान दिया गया: मनोहर लाल

PunjabKesari

वहीं मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि हरियाणा सरकार ने केन्द्र सरकार की नीतियों का अनुसरण करते हुए गरीब कल्याण पर विशेष ध्यान दिया है। इसी को केन्द्र बिन्दु मानकर सरकार ने नीतियां बनाई है और हमारे जनहित के ये कार्यक्रम लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वाभिमान, स्वावलंबन और सुशासन राज्य सरकार के लिए प्राथमिकता के क्षेत्र है, जिन पर लगातार कार्य किया जा रहा है।

PunjabKesari

केन्द्र व प्रदेश में भाजपा के सत्ता संभालने के बाद विकास को मिली नई दिशा: मनोहर लाल  

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश में भाजपा के सत्ता संभालने के बाद विकास को नई दिशा मिली है। खास बात यह है कि हिंदुओं को साम्प्रदायिक कहने वाले लोग सही रास्ते पर आ गए हैं और देश के सभी वर्गों का सम्मान हो रहा है। भाजपा सरकार ने दिखा दिया है कि अपने अधिकार किसी को छीनने नहीं देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब लोकसभा चुनाव को लगभग एक साल और विधानसभा चुनाव को लगभग डेढ़ साल का समय बचा है। ऐसे में जब समय कम बचा है तो हमें अपने काम की गति बढ़ानी पड़ेगी लेकिन इसमें नियमों की उपेक्षा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने ऐलान किया कि सरकार जल्द ही लगभग 50 हजार नौकरियां देगी, जिससे युवा वर्ग को बड़ी राहत मिलेगी।

 

अमृत सरोवर योजना के तहत 1650 तालाब खुदवाए गए: सीएम

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि केन्द्र व हरियाणा में दोनों जगह भाजपा सरकार है और डबल इंजन की सरकार होने का फायदा ये है कि विकास को गति मिलती है। हरियाणा सरकार ने 12.50 लाख गरीब लोगों के राशनकार्ड बनवाए हैं, अमृत सरोवर योजना के तहत 1650 तालाब खुदवाए या सही किए लेकिन इसके साथ ही जनता को भी अपनी जिम्मेवारी निभानी पड़ेगी। इसी तरह 750 व्यायाम पार्क बनाने व एक हजार ई-लाइब्रेरी बनाने का इस वर्ष का हमारा लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणावासियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए निरोगी हरियाणा योजना बनाई गई है। इस योजना के तहत प्रथम चरण में एक करोड़ 21 लाख लोगों के निशुल्क टेस्ट किए जाएंगे, ताकि बीमारियों को शुरुआती स्टेज पर ही डिटेक्ट कर उनका उपचार किया जा सके।

 

राज्य की हर विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकालेगी भाजपा: धनखड़

बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने पत्रकार वार्ता में बताया कि भाजपा 7 से 15 अगस्त तक प्रदेश के सभी 90 विधानसभाओं में तिरंगा यात्रा निकालेगी। 14 अगस्त को जिला स्तर पर विभाजन विभीषिका दिवस मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर भाजपा ऐसी पार्टी बन गई है जो बूथ स्तर पर मजबूत है। प्रदेश में 19 हजार 863 बूथ हैं और 3 लाख 46 हजार 700 पन्ना प्रमुख हैं। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे सरल पोर्टल पर चढ़ाया हुआ डाटा अपडेट करें व कहीं सुधार की गुंजाइश है तो सुधार करें।

 

अभी तक 34 पन्ना प्रमुख सम्मेलन किया जा चुका हैं: धनखड़

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है और पार्टी ने चुनावी तैयारियां शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि हमारे बहुत ही गौरव का विषय है  कि अब तक हम 34 पन्ना प्रमुख सम्मेलन कर चुके है, जिसमें 2 लाख, 3 हजार 576 पन्ना प्रमुख पंजीकृत भी हो चुके हैं, हमारा कारवां लगातार आगे बढ़ रहा है।  आगामी दिनों में हम अपने इस महाअभियान को और गति देंगे, और विशेष अभियान चलाकर संगठन और पार्टी को और मजबूत करेंगे। उन्होंने बताया कि आज की  बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ें और अपने-अपने क्षेत्र के कम से कम 100 मौजिज व्यक्तियों से संपर्क करके समर्थन मांगे। 

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 30 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम होना है। इसके बाद मंडल अध्यक्ष चिरायु योजना के कम से कम 10 लाभार्थियों से संपर्क करके उनसे फीडबैक लेंगे। इसके अलावा हर वर्ग के लोगों से मिलकर केन्द्र सरकार की योजनाओं व कार्यक्रमों से जनता को अवगत करवाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोगों को कार्यक्रमों व नीतियों की जानकारी मिल सकें।

   (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)    

 

 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ajay Kumar Sharma

Related News

static