भाजपा के मंडल अध्यक्ष पर लगा चौकी इंचार्ज की वर्दी फाड़ने का आरोप, पुलिस ने किया गिरफ्तार
punjabkesari.in Thursday, Aug 24, 2023 - 07:25 PM (IST)

कैथल(जयपाल): सेवा सुरक्षा सहयोग का नारा देने वाली कैथल पुलिस खुद कितनी सुरक्षित है। इसका एक जीता जागता उदाहरण कैथल के पुंडरी कस्बे से सामने आया है,जहां पर भाजपा के मंडल अध्यक्ष और उसके परिवार द्वारा चौकी इंचार्ज की वर्दी फाड़ दी। इस मामले में पुलिस ने भाजपा मंडल अध्यक्ष विनोद बंसल को गिरफ्तार कर लिया है।
शिकायत मिलने के बाद झगड़ा छुड़ाने पहुंची थी पुलिस
इस मामले को लेकर हुए पुंडरी चौंकी इंचार्ज एएसआई शमशेर सिंह ने बताया कि पुंडरी के बंसल परिवार में तीन भाइयों का प्रॉपर्टी को लेकर आपसी विवाद चल रहा है और आज सुबह फोन के द्वारा शिकायतकर्ता बलराज ने उन्हें सूचना दी कि उसकी भगवान दास की दुकान पर विनोद बंसल और उसकी घरवाली व उसका लड़का दुकान का ताला तोड़ कर अफरा तफरी मचा रहे हैं। जिसकी सूचना मिलने के बाद वह अपने स्टाप के साथ मौके पर पहुंच गए। इस दौरान दोनों परिवारों के सदस्य आपस में झगड़ा कर रहे थे। जिनको मौके पर समझा कर शांत करा दिया।
बंसल ने 5 से 6 औरतों को लेकर थाने में घुसा
उन्होंने बताया कि उसके बाद दोनों पक्ष अपनी-अपनी शिकायत लेकर थाने में पहुंचे। तभी कुछ समय के बाद विनोद बंसल ने 5-6 औरतों को थाने के अंदर बुलाया। जब उन्होंने उनसे मामले के बारे में पूछा तो अचानक विनोद बंसल गुस्से में आ गया और इसी दौरान उसकी पत्नी और लड़का भी मेरे साथ हाथापाई करने लगे। साथ ही वर्दी फाड़ दी और थप्पड़ मारने लगे। जिसके बाद उसके साथ के पुलिस कर्मचारियों ने किसी तरह से बचाया। इस प्रकार उन्होंने पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार किया और मेरी वर्दी फाड़ कर सरकारी काम में बाधा डाली है।
दोनों पक्षों पर पहले से ही कई मामले दर्ज हैं
इसके साथ ही चौंकी इंचार्ज ने बताया की रौनकी राम के बेटों के बीच काफी दिनों से प्रॉपर्टी को लेकर आपसी विवाद चल रहा है। इस मामले में दोनों पक्षों पर पहले से भी कई मामले दर्ज है। वहीं पुलिस द्वारा बच्चों को पीटने के आरोप में कहा है कि उन्होंने बच्चों को नहीं मारा है, बल्कि आरोपी विनोद बंसल उसकी पत्नी व लड़का तीनों आपस में जकड़े हुए थे। जिनको पुलिस ने कड़ी मशक्कत से छुड़ाया।
विनोद की पत्नी ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
वहीं विनोद बंसल की पत्नी ने भी पुलिस पर कई गंभीर आरोप लगाए है। पत्रकारों से बात करते मोनिका बंसल ने चौकी प्रभारी पर अपने 13 वर्षीय बच्चे को पीटने और उसके पति विनोद बंसल को भी पीटने के आरोप लगाए है। उसने बताया कि पुलिस कर्मचारियों ने उसके साथ धक्का मुक्की कर उसका फोन भी छीन लिया गया और चौकी इंचार्ज सहित अन्य पुलिस कर्मचारियों ने भी उनके साथ मारपीट की है।
वहीं इस मामले को लेकर पुंडरी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार ने बताया कि इस प्रकरण में उन्होंने आरोपी विनोद बंसल उसकी पत्नी व बेटे के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने व पुलिस की वर्दी फाड़ने सहित अन्य धारों के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही विनोद को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)