रोहतक जिला बार के पूर्व प्रधान व महासचिव के खिलाफ गबन का केस दर्ज, रिकॉर्ड में करोड़ों के हेरफेर का आरोप
punjabkesari.in Sunday, May 10, 2026 - 01:50 PM (IST)
रोहतक : जिला बार एसोसिएशन रोहतक में वित्तीय अनियमितताओं, रिकॉर्ड में कथित हेर-फेर एवं करोड़ों रुपए के गबन से जुड़े मामले में थाना आर्य नगर पुलिस ने एसोसिएशन के पूर्व प्रधान लोकेंद्र फौगाट उर्फ जोजो व पूर्व महासचिव रोहित सुहाग के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट चंडीगढ़ के आदेशों, बार काऊंसिल ऑफ इंडिया द्वारा जारी दिशा-निर्देशों तथा विस्तृत पुलिस जांच रिपोर्ट के आधार पर अमल में लाई गई है।
जानकारी के अनुसार अधिवक्ता दीपक हुड्डा प्रधान जिला बार एसोसिएशन रोहतक द्वारा इस संबंध में विस्तृत शिकायत प्रस्तुत की गई थी। शिकायत में बार एसोसिएशन के वित्तीय लेन-देन में गंभीर अनियमितताओं, रिकॉर्ड में कथित फेरबदल, वित्तीय प्रक्रियाओं की अनदेखी तथा बड़ी धनराशि के दुरुपयोग के आरोप लगाए गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए यह प्रकरण पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट पहुंचा जहां न्यायालय ने गत 16 जनवरी को पुलिस अधीक्षक रोहतक को शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उचित आदेश पारित करने के निर्देश दिए थे। हाईकोर्ट के आदेशों एवं बार काऊंसिल ऑफ इंडिया के दिशा-निर्देशों के पश्चात मामले की विस्तृत जांच एक वरिष्ठ आई.पी.एस. अधिकारी की निगरानी में करवाई गई। मामले की जांच रिपोर्ट के अनुसार अनेक बिल क्रमवार एवं तिथि अनुसार उपलब्ध नहीं पाए गए जबकि कुछ बिल साधारण कागजों पर तैयार किए गए थे। कई दस्तावेजों पर जारीकर्ता एवं प्राप्तकर्ता के हस्ताक्षर तक अनुपस्थित पाए गए। जांच में भी सामने आया कि विभिन्न खचर्चों के लिए निर्धारित कोटेशन प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया तथा जमा पूंजी रजिस्टर भी नियमानुसार संधारित नहीं किया गया।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)