(VIDEO): हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान मर्डर का CCTV आया सामने, 4 शूटरों ने 25 सेकेंड तक बरसाईं गोलियां...देखें विडियो
punjabkesari.in Friday, Aug 28, 2026 - 02:34 PM (IST)
हरियाणा डेस्क : यूपी के शामली में हरियाणवी गायक एवं यूट्यूबर अंकित बालियान मर्डर का वीडियो सामने आया है। इसमें 26 अगस्त शाम करीब पौने सात बजे अंकित जिम से निकलता देखाई देर रहा है। काले रंग के ट्रैक शूट पहने जिम के पास खड़ी अपनी कार के पास जाता है। इसी दौरान जिम की ओर से चार शूटर हाथों में तमंचे लेकर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर देते हैं।
वहीं दीवार और कार के बीच जगह होने होने से अंकित को बचने का मौका नहीं मिलता। शूटर भी उसे चारों तरफ से घेर कर फायरिंग करते है। करीब 25 सेकेंड तक उस पर गोलियां बरसाने के बाद शूटर भाग जाते है।
अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि सीसीटीवी फुटेज से हमलावरों के हरियाणा की ओर भागने के संकेत मिले हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शामली, गाजियाबाद के लोनी, दिल्ली और सोनीपत में कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में वारदात के बाद चार लोग दो मोटरसाइकिलों पर भागते देखे गए हैं। पुलिस इन फुटेज के आधार पर उनकी पहचान और गतिविधियों का पता लगाने में जुटी है।
जानिए क्या है मामला
बता दें कि 26 अगस्त को हरियाणा के यूट्यूबर और हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की यूपी के शामली में जिम से बाहर निकलते ही गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। जिम के बाहर हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान में जुटी हुई है। घटना शामली कोतवाली क्षेत्र की है।

हमलावरों ने पिस्टलों से 20 से ज्यादा राउंड गोलियां चलाईं थी। फायरिंग से आसपास का इलाका दहल गया। लोगों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई। हमलावर फायरिंग करते हुए भाग गए। सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल में जुट गए। फोरेंसिक टीम ने आकर भी सबूत एकत्र किए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
गोगी गैंग ने ली हत्या की जिम्मेदारी
परिजन ने बताया कि हरियाणा के गोगी गैंग के एक गुर्गे ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट कर बालियान की हत्या की जिम्मेदारी ली है। हालांकि इस दावे की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। परिजन के मुताबिक, पोस्टमार्टम के दौरान उनके शव से आठ गोलियां निकाली गयीं जिनमें से तीन सिर से, इतनी ही हाथ में, एक पेट में और एक पैर में लगी है। उन्होंने बताया कि बालियान का अंतिम संस्कार बंतीखेड़ा गांव में ही होगा।
कौन थे अंकित बालियान
उत्तर प्रदेश के शामली जिले में ताबड़तोड़ गोलियां लगने से जान गंवाने वाले हरियाणवी गायक एवं यूट्यूबर अंकित बालियान कुछ महीने पहले हरियाणा छोड़कर अपने गांव में रहते थे और जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। बालियान के परिजन को शक है कि उनकी हत्या का असल कारण हरियाणा से ही जुड़ा कोई विवाद है और हत्या हरियाणा के सोनीपत के लोगों ने ही की है।

उनके एक परिजन ने बताया कि पूर्व में कबड्डी के खिलाड़ी रहे बालियान ने बाद में पैरों में परेशानी की वजह से खेल छोड़कर वर्ष 2022 में यूट्यूब पर अपना चैनल खोला था। उन्होंने बताया कि बालियान ने अपने यूट्यूब चैनल पर 'भरी कोर्ट में गोली मारेंगे' जैसे कई गीत डाले जो खासे लोकप्रिय हुए। उसके बाद वह हरियाणा के सोनीपत में रहने लगे, मगर पिछले करीब आठ महीने से वह शामली के अपने पैतृक गांव बंतीखेड़ा में रह रहे थे और रोजाना जिम में कसरत करने जाते थे।
परिजन ने बताया कि बालियान जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे और इलाके में उनके होर्डिंग, बैनर और पोस्टर भी लगे थे। उनका ऐसा कोई राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी नहीं था जिससे उन्हें जान का खतरा हो। उन्होंने बताया कि बालियान की हत्या हरियाणा में ही हुए किसी मामले को लेकर हुई है और हत्या को भी वहीं के हमलावरों ने अंजाम दिया है।
परिजन के मुताबिक, बालियान का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था। उन्होंने बताया कि बालियान शारीरिक शिक्षा में स्नातक थे और सरकारी नौकरी के लिये प्रयास भी किये थे। उन्होंने बताया कि बालियान की पत्नी दिल्ली में सरकारी शिक्षिका है और उनका भाई राजीव कोटा में रहता है जबकि उसके पिता सतवीर सिंह सेवानिवृत्त सैनिक हैं।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)