थानेदार से हुई 1.34 करोड़ की धोखाधड़ी, आरोपी गुजरात के राज्यपाल से जान पहचान की देता था धमकी

punjabkesari.in Wednesday, Aug 09, 2023 - 06:58 PM (IST)

कैथल (जयपाल रसूलपुर) : लोगों की सुरक्षा का दावा करने वाली कैथल पुलिस खुद कितनी सुरक्षित है इसका एक उदाहरण कैथल से सामने आया है। जहां कैथल पुलिस में तैनात एक थानेदार से ही उसके जानकारों ने 1.34 करोड़ की ठगी कर डाली। पंचकूला में प्लॉट बेचने के नाम पर चार आरोपियों ने कैथल के थाना सिविल लाइन में तैनात एएसआई से एक करोड़ 34 लाख रुपए की ठगी कर ली। जिस प्लॉट को बेचने के नाम पर रुपए ठगे गए वह उनके नाम भी नहीं था। एएसआई ने केस दर्ज करवाने की बात कही तो आरोपी गुजरात के राज्यपाल से जान पहचान होने का डर दिखाने लगे। धमकी दी कि राज्यपाल एक फोन करेंगे तो एसपी व डीजीपी भी कुछ नहीं कर पाएंगे।

जिला जींद के गांव पेगा निवासी बीरेंद्र सिंह ने बताया कि वह कैथल के गांव हरसौला में शादीशुदा है। इस कारण हरसौला के सुनील के साथ उसकी जान पहचान थी। उनकी जमीन हाईवे के लिए केंद्र सरकार ने अधिग्रहण की थी। जिसकी एक करोड़ 55 लाख रुपए कीमत मिली थी। आरोप है कि सुनील ने उसे पुलिस लाईन क्वार्टर में आकर झांसा दिया कि जमीन अधिग्रहण से मिली रकम से पंचकूला में प्लॉट खरीद लो अच्छा मुनाफा मिलेगा। आरोपी ने कहा कि गांव अटेला निवासी उसके पार्टनर राधा कृष्ण का पंचकूला में प्लॉट है। जिसे वह ठीक कीमत पर दिलवा देगा। सुनील ने उसे राधा कृष्ण से मिलवाया और 250 वर्ग गज के प्लॉट का 71 लाख 63 हजार रुपए में सौदा हुआ। आरोपियों ने रिश्तेदारी में भरोसा होने का हवाला देकर बिना एग्रीमेंट करवाए ही 15 लाख रुपए ले लिए। इसके बाद कभी 15 तो कभी 5 लाख लेकर 71 लाख 73 हजार की रकम लेने के बाद फाइनल पेमेंट एग्रीमेंट लिखवाकर दिया। एग्रीमेंट के बाद भी प्लॉट उसके नाम नहीं करवाया। बाद में आरोपी कहने लगे कि प्लॉट की कीमत बढ़ गई है 10 लाख रुपए अतिरिक्त देने होंगे। आरोपियों को बड़ी रकम देने के बाद वह मजबूरी में उन्हें अतिरिक्त रुपए देता रहा। आरोपी उससे एक करोड़ 34 लाख 13 हजार रुपए हड़प गए। रुपए हड़पने के बाद उसने आरोपियों से मिलना चाहा तो आरोपी कभी गुजरात के राज्यपाल आचार्य देववर्त आर्य तो कभी नरेंद्र मोदी से मीटिंग होने की बात कहते। उसने रुपए वापस मांगे तो आरोपियों ने कहा कि उनकी राज्यपाल आचार्य देववर्त से जान पहचान है। उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। उसको एक्सीडेंट में मरवाने की धमकी भी दी गई। एएसआई का आरोप है कि धोखाधड़ी में हरसौला निवासी सुनील, गांव अटेला हाल में पंचकूला निवासी राधाकृष्ण, राधा कृष्ण का बेटा यशवीर व गुरपिंद्र सिंह शामिल है। 

डीएसपी उमेद सिंह ने बताया कि कैथल पुलिस में तैनात एक एएसआई की शिकायत पर सिविल लाइन में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में शिकायतकर्ता थानेदार ने बताया कि कुछ लोगों ने उसके साथ प्लॉंट दिलवाने के नाम पर धोखाधड़ी की है। जिस संदर्भ में पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)   


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mohammad Kumail

Related News

static