CM मनोहर लाल ने नई दिल्ली में की दक्षिणी व पूर्वी अफ्रीकी देशों के राजदूतों और दूतावास अधिकारियों के रात्रिभोज की मेजबानी

punjabkesari.in Saturday, Sep 02, 2023 - 08:04 PM (IST)

चंडीगढ़ (संजय अरोड़ा) : दक्षिणी अफ्रीकी एवं पूर्वी देशों के साथ आर्थिक एवं सांस्कृतिक सहयोग को बढ़ावा देने की पहल हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की ओर से की गई है। इस बात का संकेत मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को नई दिल्ली में पूर्वी और दक्षिणी अफ्रीकी देशों के राजदूतों, उच्चायुक्तों और दूतावास के अधिकारियों के लिए आयोजित रात्रिभोज में बातचीत के दौरान दिया। इस रात्रिभोज कार्यक्रम में विदेश मंत्रालय के अधिकारियों व पदाधिकारियों और हरियाणा सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया। रात्रिभोज कार्यक्रम में तंजानिया, केन्या, युगांडा, रवांडा, बुरुंडी, लोकतांत्रिक गणराज्य कांगो, दक्षिण सूडान, जिबूती, इरिट्रिया, इथियोपिया, मलावी, सेशेल्स, मॉरीशस, जाम्बिया, बोत्सवाना, नामीबिया, मेडागास्कर, जिम्बाब्वे के राजदूत, उच्चायुक्त और दूतावासों के अधिकारी पहुंचे।

उल्लेखनीय है कि नई दिल्ली में शुक्रवार को हरियाणा सरकार की ओर से रात्रिभोज कार्यक्रम रखा गया था। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के अलावा हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल सहित कई आला अधिकारियों ने शिरकत की। विशेष बात यह है कि इस दौरान महिला राजदूतों और उच्चायुक्तों ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने रक्षा बंधन त्यौहार के महत्व का उल्लेख किया और कहा कि यह शायद पहली बार है, जब किसी भारतीय राज्य के मुख्यमंत्री ने विदेशी राजदूतों के साथ राखी के धागे से अटूट संबंध जोड़ा है। इस मौके पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा और पूर्वी तथा दक्षिण अफ्रीकी देशों के बीच राजनयिक संबंधों को मजबूत करने, आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि न केवल राजनयिक संबंध, बल्कि दिल से दिल का संबंध स्थापित करने के लक्ष्य पर हमें बल देना है। उन्होंने कहा कि जब हम एक-दूसरे को न केवल साझेदार के रूप में, बल्कि मित्र के रूप में देखते हैं, तो सहयोग की संभावनाएं असीमित हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा ने विदेशी सहयोग विभाग के माध्यम से अपनी वैश्विक उपस्थिति स्थापित करने में महत्वपूर्ण प्रगति की है। विदेशी सहयोग विभाग को अंतरराष्ट्रीय संबंधों को बढ़ावा देने, द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और दुनिया भर में हरियाणवी प्रवासी का समर्थन करने का काम सौंपा गया है।

PunjabKesari

पहले हो चुका है हरियाणा अफ्रीका कॉन्क्लेव सीरिज का आयोजन

मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बताया कि विदेशी सहयोग विभाग ने भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के सहयोग से 28-29 अक्तूबर 2021 को चंडीगढ़ में हरियाणा अफ्रीका कॉन्क्लेव सीरीज-1 का आयोजन किया था। इस सीरिज में इरिट्रिया, इथियोपिया, घाना, केन्या, मेडागास्कर, मलावी, मोजाम्बिक, नाइजीरिया, सेनेगल, तंजानिया, युगांडा और जिम्बाब्वे सहित 12 अफ्रीकी देशों के प्रतिनिधि एक साथ शामिल हुए। यह अफ्रीकी देशों के साथ जुडऩे का एक उल्लेखनीय प्रयास है और कॉन्क्लेव के बाद के वर्षों में विदेशी सहयोग विभाग ने अपने प्रयास जारी रखे। गौरतलब है कि अफ्रीका के साथ गहरे संबंध बनाने के प्रयासों के साथ हरियाणा का विदेश सहयोग विभाग अफ्रीकी क्षेत्र के अन्य देशों के साथ सक्रिय रूप से हरियाणा के मुख्यमंत्री के ‘ट्रांसफॉर्मिंग हरियाणा थू्र-ए-गो-ग्लोबल अप्रोच’ के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए संभावित क्षेत्रों की खोज में लगा हुआ है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल का कहना है कि खुली बातचीत और सहयोगात्मक समस्या-समाधान के माध्यम से, हम बुनियादी ढांचे, नीतिगत ढांचे और नियामक वातावरण से संबंधित मुद्दों का समाधान कर सकते हैं। इस दौरान अफ्रीकी देशों की डीन रोसेट मोसी न्यामाले ने हरियाणा और अफ्रीकी देशों के लाभ के लिए व्यापार, शिक्षा, प्रौद्योगिकी और संस्कृति जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि खुली बातचीत और सहयोगात्मक समस्या-समाधान के माध्यम स हम बुनियादी ढांचे, नीतिगत ढांचे और नियामक वातावरण से संबंधित मुद्दों का समाधान कर सकते हैं। डीन रोसेट मोसी ने कहा कि हम एक ऐसा वातावरण बना सकते हैं जो विकास और समृद्धि को बढ़ावा दे।

महिला राजदूतों एवं उच्चायुक्तों ने मुख्यमंत्री को बांधी राखी

विशेष बात यह है कि अफ्रीकी देशों की महिला राजदूतों एवं उच्चायुक्तों ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को राखी बांधकर रात्रिभोज कार्यक्रम में रक्षाबंधन की भावनात्मक रस्म अदा की गई, जो हरियाणा और अफ्रीकी देशों के बीच दोस्ती और भाईचारे के मजबूत बंधन का प्रतीक साबित हो रही थी। अनीसा कपुफी मबेगा, उच्चायुक्त, संयुक्त गणराज्य तंजानिया, जैकलीन मुकनगिरा, उच्चायुक्त, रवांडा गणराज्य, रोसेट मोसी न्यामाले, राजदूत, कांगो, विक्टोरिया सैमुअल अरु, नामित राजदूत, दक्षिण सूडान गणराज्य, राजदूत बिजनेस मेसेरेट, मिशन के उप प्रमुख, संघीय लोकतांत्रिक गणराज्य इथियोपिया, सेशेल्स की उच्चायुक्त हारिसोआ लालटियाना एकौचे ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल कलाई पर राखियां बांधी और मुख्यमंत्री ने इन सभी को उपहार दिए। इससे दोनों क्षेत्रों के बीच गहरे संबंधों को मजबूती मिलेगी। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय में आर्थिक संपर्क सचिव दाम्मू रवि ने आपसी विकास की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए अफ्रीकी देशों के साथ भारत के आर्थिक संबंधों के महत्व पर बल दिया।

PunjabKesari

अफ्रीका व्यापार में हरियाणा का भागीदार नहीं है, बल्कि प्रेरणा का स्त्रोत भी है : कौशल

हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल ने अंतरराष्ट्रीय भागीदारी को बढ़़ावा देने के लिए राज्य की प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए अतिथियों की उपस्थिति के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि अफ्रीका सिर्फ व्यापार में हरियाणा का भागीदार नहीं है, बल्कि यह प्रेरणा और सीख का स्रोत भी है। अफ्रीकी देशों के अनुभव और चुनौतियां हमें लचीलेपन, नवाचार और सामुदायिक निर्माण के बारे में बहुत कुछ सिखाती हैं। उन्होंने कहा कि अपने संबंधों को मजबूत करके, हम न केवल वस्तुओं का आदान-प्रदान करने का अवसर प्राप्त करते हैं, बल्कि ज्ञान और सर्वोत्तम प्रथाओं का भी आदान-प्रदान करते हैं, जो हमारी नीतियों, उद्योगों और समाज को आकार दे सकते हैं। इस कार्यक्रम में विदेश सहयोग विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. राजा शेखर वुंडरू ने अतिथियों का स्वागत किया। रात्रिभोज कार्यक्रम में हरियाणा ने अपने सांस्कृतिक और औद्योगिक कौशल का प्रतीक-जगाधरी, यमुनानगर का धातु बर्तन क्लस्टर भी प्रदर्शित किया। भागीदारी के लिए सराहना के तौर पर हरियाणा ने प्रत्येक राजदूत को जगाधरी के कुशल कारीगरों द्वारा तैयार की गई एक धातु की बोतल भेंट की। इस कार्यक्रम ने सार्थक चर्चा के लिए एक मंच के रूप में कार्य किया है और हरियाणा और भाग लेने वाले अफ्रीकी देशों के बीच सहयोग बढ़ाने की नींव रखने का काम किया है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)     


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mohammad Kumail

Related News

static