CM मनोहर लाल ने पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भजनलाल की प्रतिमा का किया अनावरण, पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई ने की कार्यक्रम की अध्यक्षता

punjabkesari.in Thursday, Sep 07, 2023 - 04:28 PM (IST)

हिसार (विनोद सैनी) : हरियाणा मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने स्थानीय बिश्नोई मंदिर में आयोजित जन्माष्टमी पर्व एवं गुरू जंभेश्वर महाराज के 573वें अवतार दिवस पर बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने सर्वप्रथम पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भजनलाल की प्रतिमा का अनावरण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सांसद ‘बिश्नोई रत्न’ कुलदीप बिश्नोई ने की। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने कुरूक्षेत्र में गीता का संदेश दिया, कर्म की महता, धर्म की विजय का संदेश श्रीकृष्ण ने दिया। वहीं गुरू जंभेश्वर ने प्रकृति के संरक्षण का संदेश दिया।

PunjabKesari

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड के वक्त जब ऑक्सीजन की जरूरत महसूस हुई तब प्रकृति का महत्व हमें समझ में आया। इसी प्रकृति को बचाने का संदेश बहुत पहले गुरू जंभेश्वर ने दिया। उन्होंने कहा कि भूमि, गगन, वायु, आकाश, नीर से मिलकर ही भगवान बना। उन्होंने कहा कि चौ. भजनलाल जी का नाम बहुत ही आदर से हरियाणा प्रदेश में लिया जाता है और उन्होंने अपने कार्यों से प्रदेश के विकास के पथ पर आगे बढ़ाया। कुलदीप बिश्नोई ने अपने पिता के पदचिन्हों पर चलते हुए राजनीतिक और सामाजिक तौर पर विरासत को आगे बढ़ाया है। महासभा के संरक्षक के तौर पर उन्होंने बिश्नोई समाज को एकजुट करने का काम किया और समाज का नाम राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया। मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि मटका चौक का नाम चौ. भजनलाल के नाम से होगा। हरियाणा सरकार की तरफ से हिसार रेलवे स्टेशन का नाम भजनलाल के नाम पर हो इसके लिए प्रदेश सरकार केन्द्र को पत्र लिखेगी। हरियाणा में एक शिक्षण संस्थान का नाम पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के नाम पर होगा। उन्होंने बिश्नोई सभा हिसार को 21 लाख रूपए देने की भी घोषणा की।

PunjabKesari

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कुलदीप बिश्नोई ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और बिश्नोई समाज की ओर से तीन मांगों का पत्र उनके समक्ष रखा। जिनमें हिसार रेलवे स्टेशन का नाम भजनलाल के नाम से रखने,  गुरू जंभेश्वर पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज के लिए जमीन देने तथा हरियाणा में किसी एक मेडिकल कॉलेज या यूनिवसिर्टी का नाम चौ. भजनलाल के नाम पर रखने की मांग उनके समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि भजनलाल जी के बाद आज मनोहर लाल ने मुख्यमंत्री के तौर पर लगभग 27-28 वर्षों के बाद इस कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का राजनीति के साथ-साथ संगठन में रहते हुए सामाजिक सेवा का अनुभव भी बहुत लंबा-चौड़ा है। अपने सरल और सौम्य स्वभाव, सहजता तथा आमजन के प्रति आपकी कार्यशैली और लग्नशीलता के कारण ही आप पिछले 9 वर्षों से हरियाणा के मुख्यमंत्री के पद पर विराजमान होकर प्रदेश के चहुंमुखी विकास, उन्नति और सामाजिक उत्थान के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने प्रदेश के विभिन्न मुख्यमंत्रियों की कार्यशैली को करीब से देखा है। भजनलाल जी के बाद मनोहर लाल ने राज्य के हर वर्ग और हर क्षेत्र के समान विकास की विचारधारा को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री की कायैशैली से प्रभावित होकर वे भाजपा परिवार में शामिल हुए थे। मैं गुरू महाराज से प्रार्थना हूं कि उनका आशीर्वाद और हम सबका सहयोग आपके साथ यूं ही बना रहे और भविष्य में भी देश, प्रदेश की प्रगति में मिलजुलकर हम आगे बढ़ते रहें। 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)     


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mohammad Kumail

Related News

static