सीएम मनोहर देश के 100 ताकतवर लोगों में से 22वें नंबर पर- सांसद रतनलाल कटारिया

punjabkesari.in Wednesday, Apr 13, 2022 - 10:07 PM (IST)

चंडीगढ़(धरणी): पूर्व केंद्रीय मंत्री अंबाला सांसद रतनलाल कटारिया ने हरियाणा सरकार को आम आदमी पार्टी से कोई खतरा ना बताते हुए कहा कि हम आज विश्व की सबसे मजबूत पार्टी है। भारतीय जनता पार्टी काम करके आज यहां स्थिति तक पहुंची है। उन्होंने कहा कि मैं स्वयं 50 साल तक पार्टी के लिए संघर्ष करता रहा। कभी सिर पर तख्त उठाए तो कभी सड़क पर दरिया बीछाई, गांव-गांव में मारे मारे फिरे। डॉ मंगल सेन, कमला वर्मा जैसे वरिष्ठ नेताओं के साथ खून पसीने की लड़ाई लड़ते हुए भाजपा को प्रदेश में 50 सालों की कड़ी मेहनत के बाद इस स्थिति तक पहुंचाया।

आज प्रदेश के मुख्यमंत्री एक सर्वे रिपोर्ट के आधार पर देश के पॉलिटशियन, बिजनेसमैन, खिलाड़ी, अभिनेताओं जैसे 100 ताकतवर लोगों में 20-22वें स्थान पर खड़े हैं। उनकी पापुलैरिटी को देखकर हमें कोई चिंता करने की जरूरत नहीं है। नई-नई सफलता और डींगें मारने वाली आम आदमी पार्टी ने पंजाब में जीत दर्ज की है। जनता को अधिकार है किसी को चुने। लेकिन अगर वह वास्तव में जनता की लोकप्रिय पार्टी है तो उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में सभी सीटों पर उनकी जमानत क्यों जप्त हुई। फिर भी हम सभी स्थितियों पर पैनी नजर बनाए हुए हैं और पार्टी को मजबूत करने को लेकर लगातार प्रयासरत हैं।

शहीदों के नाम पर ओछी राजनीती और वोट बैंक तलाशने की कोशिश बेहद शर्मनाक बात :कटारिया

कटारिया ने पंजाब में आम आदमी पार्टी द्वारा खटकरकलां से शपथ ग्रहण समारोह पर टिप्पणी करते हुए कहा कि देश के शहीदों के चरणों में नमन करना बहुत अच्छी बात है। लेकिन राष्ट्र बनाने के लिए प्राण न्योछावर करने वाले महानायकों के नाम पर ओछी राजनीति का धंधा बनाना और उनके अदम्य साहस पर राजनीति करके वोट बैंक तलाशने की कोशिश करना बेहद बुरी बात है। भारत की जनता आज पूरी तरह से जागरूक है। डिजिटाइजेशन के इस युग में आज वैल्यू बेस्ड पॉलिटिक्स की जरूरत है। आज पुराना परिक्रमा वाला जमाना कोसों दूर रह गया है। कटारिया ने जलियांवाला बाग में जनरल डायर द्वारा अंधाधुंध नरसंहार में शहादत हासिल करने वाले शहीदों के चरणों में नतमस्तक होते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने संकल्प लिया है कि भविष्य में दुनिया की कोई भी ताकत भारत की तरफ आंख उठाकर नहीं देख पाएगी। भाजपा इसी संकल्प के साथ प्रयासरत है। 

चंडीगढ़ पर हमारा पंजाब से पहले अधिकार :रतन लाल कटारिया

पंजाब सरकार द्वारा विधानसभा में चंडीगढ़ और एसवाईएल पर लाए गए प्रस्ताव पर टिप्पणी करते हुए कटारिया ने कहा कि चंडीगढ़ मेरे लोकसभा क्षेत्र अंबाला के नजदीक है और खरड़ अंबाला की तहसील थी इसलिए चंडीगढ़ पर पहला अधिकार हरियाणा का है। अगर फिर भी कोई फैसला होता है तो चंडीगढ़ के साथ-साथ एसवाईएल के पानी और हिंदी स्पीकिंग क्षेत्र पर भी एक मुश्त फैसला करना अति आवश्यक है। कटारिया ने कहा कि अगर प्रदेश के मुख्यमंत्री अपने कैबिनेट के सहयोगियों और सांसदों के साथ मिलकर या फिर भाजपा हरियाणा की इकाई प्रधानमंत्री से मिलने क्या कोई कार्यक्रम निश्चित करेंगे तो यह मामला प्रधानमंत्री के संज्ञान में अवश्य लाया जाएगा।

आठ 10 साल में पंचकूला गुड़गांव से भी कहीं अधिक कर जाएगा उन्नति: कटारिया

बता दें कि पूर्व केंद्रीय मंत्री रतनलाल कटारिया पिछले सप्ताह अपनी धर्मपत्नी बंतो कटारिया के साथ प्रधानमंत्री से भी मिलकर लौटे हैं। जिस पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि अंबाला लोकसभा के विकास की गुहार के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री के सामने हाथ जोड़कर निवेदन किया है और प्रधानमंत्री ने अपने अतीत के 7 साल पंचकूला के साथ जुड़े होने के कारण विकास में कोई कोर कसर ना छोड़ने की बात कही है।

कटारिया ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा पंचकूला को मेट्रोपॉलिटन सिटी घोषित करने के बाद अभूतपूर्व विकास की संभावनाएं पैदा हुई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने पंचकूला जिले के लिए 800 करोड रुपए की परियोजनाओं की सौगात दी है। लगभग 5000 करोड़ के विकास कार्य पूरे हो चुके हैं। जिसमें से केंद्र ने 2500 करोड़ से ज्यादा का बजट दिया। पंचकूला-यमुनानगर फोरलेन, सूरजपुर से बद्दी रेलवे लाइन, 500 करोड़ की लागत से आयुष का एम्स, बहुत ओवर ब्रिज - अंडर ब्रिज, मेट्रोपॉलिटन सिटी के कारण औद्योगिक दृष्टि से बेहद उन्नति होना स्वभाविक है। लगभग 8-10 साल में पंचकूला गुड़गांव से भी कहीं ज्यादा उन्नति कर जाएग। 400-400 करोड़ रुपए की इंडस्ट्री लगातार पंचकूला में प्रवेश कर रही है। जिस कारण से आज 5-6 महीने में ही संपत्तियों के रेट दोगुना हुए हैं। हम एचएमटी के क्षेत्र में सेब मंडी को भी और अधिक डेवेलप करने की कोशिशों में लगे हुए हैं। इंडस्ट्रियल कंपलेक्स भी हम बनाने जा रहे हैं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vivek Rai

Recommended News

Related News

static