सीएम मनोहर ने ली आपदा प्रबंधन ग्रुप की बैठक, अधिकारियों को दिए कई प्रकार के निर्देश

punjabkesari.in Saturday, Jul 18, 2020 - 12:25 AM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे कोविड-19 के खतरे को देखते हुए अनलॉक-2 में लोगों को मास्क पहनने के लिए प्रेरित करने तथा मास्क वितरित करने का एक विशेष अभियान चलाएं। इसके अलावा, यातायात चौराहों, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के वाहनों तथा सूचना, जन सम्पर्क एवं भाषा विभाग के प्रचार वाहनों से भी प्रचार-प्रसार करवाएं। मुख्यमंत्री राज्य में कोविड-19 की स्थिति पर गठित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के आपदा प्रबंधन ग्रुप की बुलाई गई बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

मास्क न पहनने वाले मौके पर काटें चालान
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में राज्य में कोविड-19 की स्थिति पर गठित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के आपदा प्रबंधन ग्रुप की बुलाई गई बैठक की अध्यक्षता की। मुख्यमंत्री ने बैठक में पुलिस विभाग को भी निर्देश दिए कि मास्क न पहनने वाले व्यक्तियों पर सख्ती बरते तथा मौके पर ही चालान काट कर उन्हें कम से कम पांच-पांच मास्क वितरित करें। 

टोकन सिस्टम से मंदिरों में हो प्रवेश
श्रावण माह की शिवरात्रि को देखते हुए बैठक में इस बात का निर्णय लिया गया कि कंटेनमेंट जोन को छोडकऱ अन्य क्षेत्रों में मंदिरों में गंगाजल चढ़ाने की अनुमति केन्द्रीय गृह मंत्रालय द्वारा मंदिरों में पूजा के लिए पहले से जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रदान की जाए। दो से पांच व्यक्तियों के समूह को आधा-आधा घण्टे के अंतराल पर टोकन सिस्टम से मंदिरों में प्रवेश की अनुमति दी जाए। लॉकडाउन के बाद वर्तमान में, पूरे देश में कर्फ्यू की अवधि रात्रि 10 बजे से प्रात: पांच बजे तक है। श्रावण शिवरात्रि की पूजा का समय 19 जुलाई, 2020 सायं 7.19 बजे से शुरू होकर 20 जुलाई,2020 प्रात: 5.30 बजे तक है। इसी के अनुसार लोगों को मंदिरों में जाने की अनुमति दी जाए। 

एसीएस ने बताई प्रदेश की कोरोना रिपोर्ट
स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव अरोड़ा ने हरियाणा भवन, नई दिल्ली से वीडियो कांफ्रेंसिंग से जुडकऱ मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि राज्य में औसतन कोरोना पॉजिटिव दर 5.9 प्रतिशत है जबकि पूरे देश में यह 7.6 प्रतिशत है। इसी प्रकार, हरियाणा की रिकवरी रेट 75 प्रतिशत है जबकि देश में यह 63 प्रतिशत है। 

इसी प्रकार, मृत्यु दर 1.34 प्रतिशत है। कोरोना सक्रिय मरीजों की संख्या 5594 तथा 20 मरीज वेंटिलेटर पर हैं। इसके अलावा, प्रतिदिन टेस्टिंग रेट भी बढ़ाया गया है। गुरुग्राम में प्रतिदिन 2400, सोनीपत व फरीदाबाद में 880-880, अम्बाला में 472 टेस्ट किया जा रहे हैं। पूरे राज्य में प्रतिदिन 9110 टेस्ट किए जा रहे हैं जिसे बढ़ाकर 12,000 टेस्ट प्रतिदिन तक किया जाएगा। मोबाइल टेस्टिंग की सुविधा भी दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मरीजों को क्वारंटाइन के बाद या पॉजिटिव के बाद ठीक होने उपरांत पुन: दोबारा टेस्टिंग के लिए आना होता है तो उनको घर से लाने ले जाने के लिए मुफ्त एम्बुलेंस की सुविधा प्रदान की जाए। 

उन्होंनेे कहा कि रोहतक में उन्हें शिकायत मिली थी कि पुन: टेस्टिंग के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मरीजों को अपने वाहनों से आने के लिए कह रहे हैं। बैठक में इस बात की भी जानकारी दी गई कि अभी हाल ही में भारत हेवी इलैक्ट्रॉनिक्स बेंगलुरू से 100 और वेंटिलेटर प्राप्त हुए हैं इसके साथ ही वेंटिलेटर की उपलब्धता 1000 से अधिक हो गई है। नए वेंटिलेटर्स को राज्य के मेडिकल कॉलेजों व अस्पतालों में वितरित किया जाएगा। इसके अलावा, पंचकूला, रोहतक, गुरूग्राम में प्लाजमा बैंक भी खोले जा रहे हैं।

लोगों को प्लाज्मा डोनेट करने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। इसी प्रकार, आयुष विभाग द्वारा रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए किट्स भी बांटी जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिक से अधिक रोग प्रतिरोधक आयुष किट्स बांटी जानी चाहिए। इसकेलिए आवश्यकता पडने पर मुख्यमंत्री कोरोना राहत फंड से अतिरिक्त राशि दी जाएगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Shivam

Recommended News

Related News

static