वोट चोरी से लोकतंत्र नहीं बचता- राज बब्बर, वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान की गुड़गांव में की शुरूआत
punjabkesari.in Sunday, Sep 28, 2025 - 04:47 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): लोकतंत्र को बचाने के लिए भाजपा सरकार कई दावे कर रही है, लेकिन वोट चोरी करने से लोकतंत्र नहीं बचता। जनता की समस्याओं का समाधान करने से ही लोकतंत्र बचेगा। आज कई राज्यों में भाजपा के खिलाफ युवा सड़कों पर हैं। इनमें ज्यादातर राज्य भाजपा शासित ही हैं। अगर भाजपा सरकार ने जल्द ही हालात को नहीं समझा तो वह कुएं का मेंढक बनकर रह जाएगी।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर टच करें।
यह बात पूर्व सांसद एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राज बब्बर ने कही। वे आज गुड़गांव के सदर बाजार में वोट चोर गद्दी छोड़ को लेकर चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान की अगुवाई कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा ही नहीं बल्कि देश में हर कोई कांग्रेस को वापस सत्ता में लाना चाहता है। यही कारण है कि राहुल गांधी द्वारा शुरू किए गए वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान में लोग बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज मुख्यमंत्री भी गुड़गांव में हैं और बंद कमरे में अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं। अधिकारियों के साथ बंद कमरे में बैठक करने की बजाय अगर वह स्वंय गुड़गांव की सड़कों पर उतरें तो हालात उन्हें स्वयं समझ आ जाएंगे।
वहीं, कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष पकंज डावर ने कहा कि हरियाणा में भाजपा ने वोट चोरी करके सरकार बनाई है। राहुल गांधी जल्द ही इसका भी खुलासा करेंगे। उन्होंने कहा कि आज हस्ताक्षर अभियान में जिस तरह से लोगों का जलसैलाब उमड़ा है उससे साफ है कि जल्द ही सत्ता परिवर्तन होने वाला है। लोगों का भाजपा सरकार से मन उब चुका है और यही जनसैलाब अब भाजपा के चूल्हे उखाड़ने का काम करेगा। उन्होंने भाजपा सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि प्रदेश को सबसे ज्यादा रेवेन्यू देने वाले गुड़गांव के हालात बद से बदत्तर हो चुके हैं, लेकिन सरकार को इससे कोई लेना देना नहीं है।
कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान गुड़गांव के सदर बाजार स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर से शुरू हुआ जो सदर बाजार में होता हुआ सोहना चौक मस्जिद पर समाप्त हुआ। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने सदर बाजार के व्यापारियों से भी मुलाकात की और इस हस्ताक्षर अभियान में उन्हें शामिल किया।