रंगदारी नहीं दी तो बरपाया कहर, नारनौल में दिनदहाड़े दुकान में घुसकर व्यापारी पर जानलेवा हमला
punjabkesari.in Tuesday, Jun 02, 2026 - 04:22 PM (IST)
नारनौल : नारनौल से एक सनसनीखेज खबर निकलकर सामने आ रही है। यहां फिरौती नहीं देने पर 8-10 बदमाशों ने व्यापारी पर दिनदहाड़े हमला कर दिया। बदमाशों ने व्यापारी को बुरी तरह से पीटा, जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित की पहचान श्याम कॉलोनी निवासी नंद किशोर के रुप में हुई है। पीड़ित शख्स की नया बाजार में बंसल रेडीमेड के नाम से दुकान है। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे अचानक लाठी-डंडों से लैस आठ से दस युवक उसकीदुकान के अंदर घुस गए। हमलावरों ने उसे लाठियों से पीट-पीट कर बुरी तरह से घायल कर दिया। बताया जा रहा है कि करीब पांच-छह दिन पहले उनसे पांच लाख की रंगदारी की मांग की गई। वहीं फिरौती नहीं देने पर आज उस पर जानलेवा हमला कर दिया गया है।
इधर वारदात की सूचना पुलिस को दी। जब तक पुलिस की टीम मौके पर पहुंचती, सभी हमलावर वहां से फरार हो चुके थे। वहीं इस घटना ने पूरे इलाके के व्यापारियों में डर का माहौल पैदा कर दिया है।