नशा माफियाओं पर लगाई जाएगी पूरी तरह से लगाम : सुनीता दुग्गल

punjabkesari.in Thursday, Oct 14, 2021 - 04:04 PM (IST)

 

चंडीगढ़ (चंद्रशेखर धरणी) : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ एवं मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में हुई प्रदेश परिषद की बैठक की सराहना करते हुए सिरसा लोकसभा के सांसद सुनीता दुग्गल ने कहा है कि इस प्रकार की बैठक का आयोजन 39 सालों के बाद किया गया है। जिसके परिणाम बेहद सुखद होंगे। जिसमें 7 साल 7 कमाल यानि मुख्य 7 बातों पर विस्तार से चर्चा हुई है। इसका मुख्य उद्देश्य इन 7 सालों में सरकार द्वारा किए गए कामों को हर कार्यकर्ता तक पहुंचाना था और वह कार्यकर्ता प्रदेश के जन जन तक प्रदेश की कार्यशैली को पहुंचाएंगे। इस प्रस्तावना का हमारे नेतृत्व द्वारा अनुमोदन रखा गया।

इस बैठक में प्रकोष्ठ लेवल से लेकर मंडल लेवल तक के पदाधिकारियों को बुलाया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेशाध्यक्ष ने इस जिम्मेदारी को संभालने के बाद संगठन में जान फूंक दी है। आज भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता हर एक कार्यक्रम में बड़े जोश के साथ शिरकत करता है। चाहे तिरंगा यात्रा की बात करें या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 71 वें जन्मदिन पर युवाओं द्वारा ब्लड डोनेशन कैंप या पौधारोपण की बात करें या एनआरआई विभाग द्वारा प्रदेश में उत्कृष्ट काम करने वाली 71 महिलाओं को सम्मानित करने की बात करें सभी में बढ़ चढ़कर हिस्सा प्रदेश के युवाओं ने लिया है। इन कार्यक्रमों के लिए प्रदेश अध्यक्ष की जितनी तारीफ की जाए वह कम है।

दुग्गल ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल और प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ की मौजूदगी में प्रदेश के तमाम मंत्रीगण अनिल विज, कमलेश ढांडा, बनवारी लाल, ओमप्रकाश यादव, मूलचंद शर्मा समेत पूर्व मंत्री रामविलास शर्मा, कैप्टन अभिमन्यु सरीखे नेताओं ने इस कार्यक्रम में शिरकत की। यह सरकार और संगठन की बैठक के परिणाम बेहद सुखदाई रहेंगे। दुग्गल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार ने हमेशा महिलाओं के सम्मान को बढ़ाने का काम किया है। आज देश की संसद में केवल भाजपा की 48 महिलाएं सदस्य हैं। जो कि महिलाओं के प्रति भाजपा की सोच को दर्शाने के लिए काफी है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नशे को समाप्त करने के लिए भी लगातार प्रयासरत है। उनका लोकसभा क्षेत्र सिरसा जो राजस्थान और पंजाब की सीमा से सटा है, जहां नशे की तस्करी के लगातार मामले सामने आते रहे हैं। लेकिन प्रदेश सरकार की कोशिशों के चलते काफी हद तक लगाम लगी है। इसी क्रम में हाल ही में नशा माफियाओं पर लगाम लगाने के लिए 7 करोड़ रुपए की असेट्स को अटैच किया गया है। ताकि ड्रग माफियाओं के मन में अपनी प्रॉपर्टी को अटैच करने का भय पैदा हो सके। इस कदम से काफी हद तक लगाम लगना तय है।

दुग्गल ने कहा कि सिरसा क्षेत्र में सुविधाओं का काफी अभाव था। खासतौर पर रेलवे की सुविधाएं ज्यादा नहीं थी। लेकिन मेरे प्रयासों से त्रिपुरा-सुंदरी से सिरसा के लिए रेलवे की शुरुआत की गई है। जिससे सिरसा का क्षेत्र नॉर्थ ईस्ट क्षेत्र से जुड़ेगा। यह ट्रेन बिहार बंगाल से होती हुई यहां पहुंचेगी। रेल का आवागमन ज्यादा से ज्यादा हो यह मेरी हमेशा कोशिश रही है। हाइड्रेंट लगवाने की भी मेरी कोशिश है। जिससे गाड़ियों का आवागमन बढ़ेगा। साथ ही इस क्षेत्र के अंदर प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत गांवों में आज सड़कों का जाल बिछाया जा चुका है। मेडिकल कॉलेज भी यहां के क्षेत्रवासियों का एक सपना था। जिसे साकार किया गया है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Recommended News

Related News

static