Kurukshetra: फर्जी महिला पुलिसकर्मी गिरफ्तार, पारिवारिक विवाद सुलझाने के बहाने करती थी ठगी, फिर ऐसे फंसी
punjabkesari.in Friday, Jan 23, 2026 - 07:56 PM (IST)
कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा क्षेत्र में पुलिस ने फर्जी महिला पुलिसकर्मी को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला खुद को पुलिसकर्मी बताकर लोगों के साथ ठगी करती थी। आरोपी महिला पारिवारिक विवाद सुलझाने के नाम पर न केवल लोगों का भरोसा जीतती थी, बल्कि दहेज का सामान और नकदी लेकर फरार हो जाती थी। आरोपी की पहचान सतविंदर कौर उर्फ सिमरन निवासी जडौला के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को सोशल वर्कर और महिला थाना से जुड़ी पुलिसकर्मी बताकर लोगों से संपर्क करती थी। उसकी बातचीत, पहनावा और व्यवहार इतना प्रभावशाली था कि लोग उस पर आसानी से विश्वास कर लेते थे। बताया गया है कि आरोपी केवल 10वीं पास है, लेकिन उसने पुलिसकर्मी जैसी पर्सनैलिटी बना रखी थी।
ऐसे हुआ मामले का खुलासा
17 जनवरी को छंदोली गांव निवासी अनिल कुमार ने लाडवा थाने में शिकायत दी। उन्होंने बताया कि उनके बेटे की शादी के बाद घर में बहू से विवाद चल रहा था। बहू की शिकायत महिला थाने में दर्ज थी। इसी दौरान एक महिला उनके घर पहुंची और खुद को महिला थाने की पुलिसकर्मी बताते हुए घर पर ही समझौता कराने का दावा किया।
आरोपी महिला ने समझौते के नाम पर बहू को मायके भेजने का फैसला करवाया और घर से बहू का सामान भी अपने साथ ले गई। इसके एवज में उसने 5 हजार रुपये भी वसूले। अगले दिन जब महिला थाने से फोन आया, तब ठगी का खुलासा हुआ।
आरोपी महिला 3 दिन के पुलिस रिमांड पर
लाडवा थाना प्रभारी गुरनाम सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। कोर्ट ने उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संभावित मामलों की जांच कर रही है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)