सुभाष बराला ने किया गांव जमालपुर शेखां में राशन डिपो का औचक निरीक्षण

punjabkesari.in Tuesday, Mar 28, 2017 - 11:36 PM (IST)

फतेहाबाद (रमेश भट्ट):फतेहाबाद जिले के टोहाना के स्थानीय विधायक एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने आज गांव जमालपुर शेखां में राशन डिपो का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने डिपो का रिकॉर्ड चेक किया और मौके पर मौजूद खाद्य सामग्री की मात्रा व गुणवत्ता को परखा। उन्होंने डिपो धारकों को अपने व्यवहार व कार्यप्रणाली में सुधार करने की नसीहत देते हुए भविष्य में ग्रामीणों की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

उल्लेखनीय है कि 20 मार्च को हलके के विभिन्न गांवों का दौरा करते समय भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला के समक्ष गांव जमालपुर शेखां के ग्रामीणों ने डिपो धारकों पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए इनकी शिकायत की थी। ग्रामीण जनसभा में बराला ने ग्रामीणों को इस समस्या का जल्द समाधान करवाने का आश्वासन देते हुए डिपो धारकों को कार्यप्रणाली में सुधार करने की चेतावनी दी थी। इसी परिप्रेक्ष्य में उन्होंने आज जमालपुर के डिपो का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने डिपो का रिकॉर्ड चेक किया और उपलब्ध सामग्री का मिलान किया। 

उन्होंने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को भी परखा। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं। बराला को डिपो निरीक्षण के दौरान कोई अनियमितता तो नहीं मिली लेकिन उन्होंने डिपो धारकों को व्यवहार सुधारने तथा मनमानी न करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा लोगों की सुविधा के लिए डिपो चलाए जा रहे हैं। यदि लोगों को परेशान करने की दोबारा शिकायत मिली तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static