हरियाणवी गायक मीता बरोदा पर फायरिंग मामला: तीन आरोपी अरेस्ट, मुख्य आरोपी फरार

punjabkesari.in Monday, Jul 28, 2025 - 03:24 PM (IST)

गोहाना (सुनील जिंदल) : हरियाणवी गायक और कलाकार मीता बरोदा पर 24 जुलाई की रात हुई फायरिंग मामले में बरोदा थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तीनों आरोपियों में से एक आरोपी गोहाना का निवासी है और दो बरोदा गांव के रहने वाले हैं। मुख्य आरोपी मनजीत अभी भी फरार है। पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर जल्द से जल्द मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में है।

इस घटना की जांच कर रहे बरोदा थाना एसएचओ महिपाल ने बताया कि 24 जुलाई की रात मीता बरोदा अपने निर्माणाधीन फार्म हाउस पर अपने दो-तीन साथियों के साथ खड़ा था। इसी दौरान मनजीत नाम का व्यक्ति अपने तीन-चार साथियों के साथ आया और मीता बरोदा पर फायरिंग शुरू कर दी। मनजीत ने दो बार गोली चलाई, तीसरी बार फायर करने लगा, लेकिन गोली फायर नहीं हो पाई। इसी बीच मीता ने अपनी जान बचाने के लिए मनजीत को पकड़ लिया, लेकिन वह मौके से भागने में सफल रहा।

इस मामले में हत्या के प्रयास सहित कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। जांच के दौरान 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो मनजीत के दोस्त हैं। गिरफ्तार आरोपियों में से संदीप, जो बरोदा का रहने वाला है, की गाड़ी में मनजीत आया था। संदीप को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इसके बाद अजय को गिरफ्तार किया गया, जिसने मनजीत के लिए मीता बरोदा की गतिविधियों की रेकी की थी। तीसरा आरोपी विजय गोहाना का निवासी है, जिसने मनजीत को फायरिंग के लिए हथियार उपलब्ध कराए थे।

संदीप, जो वारदात के दिन गाड़ी चला रहा था, घटना स्थल के करीब ही था। मुख्य आरोपी मनजीत की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। पूछताछ के दौरान यह सामने आया है कि इस हमले के पीछे राजनीतिक रंजिश का कारण है, जिसके चलते मीता बरोदा पर जानलेवा हमला हुआ।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Deepak Kumar

Related News

static