कैथल: चंडीगढ़ निगम में जेई लगवाने के नाम पर लाखों की ठगी, आरोपियों ने बनाई ये कहानी
punjabkesari.in Wednesday, May 17, 2023 - 07:41 AM (IST)

कैथल: चंडीगढ़ नगर निगम में नौकरी लगवाने के नाम पर दो व्यक्तियों ने 20 लाख रुपए हड़प लिए। धोखाधड़ी का शिकार हुए व्यक्ति की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। जिला जींद के गांव खटकड़ निवासी संदीप ने बताया कि उसने 2016 में बीटेक पास की थी। जुलाई 2022 में उसके जीजा चंदाना निवासी अजमेर ने घर गांव चंदाना बुलाया। चंदाना गेट कैथल पर कुलदीप सैनी ज्योतिष का काम करता है। वहां जसमेर और उसके परिवार का आना जाना है।
जीजा ने कहा कि कुलदीप सैनी तुझे भी नौकरी लगवा देगा। वे कुलदीप सैनी के पास गए तो वहां देवेंद्र सैनी भी मिला। दोनों आरोपियों ने 25 लाख रुपए में नौकरी लगवाने का झांसा दिया। पांच लाख रुपए एडवांस ले लिए। नगर निगम चंडीगढ़ में जेई की नौकरी का ज्वाॅइनिंग लेटर व आई कार्ड भेज दिया और बोला 14 अगस्त को ज्वाॅइनिंग है। उससे पहले 25 लाख रुपए पूरे करने है। उन्होंने बकाया 20 लाख रुपए भी आरोपियों को दे दिए। उसे 23 अगस्त 2022 को चंडीगढ़ नगर निगम के ज्वाॅइन करने को बोला।
वहां विक्रम नाम के व्यक्ति से मिलवाया, जिसे उनका बॉस बताया। तीन-चार माह काम करने के बाद भी उसे वेतन नहीं मिला। अधिकारियों से बात करने से खुलासा हुआ कि उसकी नौकरी नहीं लगी थी। आरोपियों ने 5 लाख रुपए वापस कर दिए, लेकिन 20 लाख रुपए हड़प गए।