यौन उत्पीड़न के आरोपों पर WFI अध्यक्ष का बयान, बोले- आरोप सही हुए तो फांसी पर लटक जाऊंगा

punjabkesari.in Wednesday, Jan 18, 2023 - 08:57 PM (IST)

दिल्ली(कमल कंसल) : रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ देशभर के खिलाड़ी दिल्ली में जंतर-मंतर पर धरने पर बैठ गए हैं। खिलाड़ियों ने फेडरेशन प्रेसिडेंट पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस बीच हरियाणा से महिला पहलवान विनेश फोगाट और साक्षी मलिक ने बृजभूषण शरण पर यौन उत्पीड़न करने का भी आरोप लगाया है। विनेश फोगाट ने कहा कि न सिर्फ फेडरेशन अध्यक्ष बल्कि कोच भी नेशनल कैंप में महिला पहलवान खिलाड़ियों का यौन उत्पीड़न करते हैं। उन्होंने कहा कि कई बार इसकी शिकायत भी की गई है, लेकिन बृजभूषण के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि बृजभूषण शरण फेडरेशन अध्यक्ष के पद पर रहकर लगातार खिलाड़ियों का शोषण कर रहे हैं।

 

PunjabKesari

 

विनेश का आरोप- मुझे जान से मारने की धमकी दी


कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली विनेश फोगाट ने कहा कि टोक्यो ओलंपिक में हार के बाद फेडरेशन के अध्यक्ष ने उन्हें खोटा सिक्का कहा। उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। विनेश ने बताया कि वे इतनी परेशान हो गई थी कि एक दिन उन्होंने अपनी जिंदगी को खत्म करने का कदम उठाने के बारे में भी सोचा। उन्होंने कहा कि आज हमारी स्थिति यह है कि फेडरेशन से पूछे बिना कुछ नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि फेडरेशन द्वारा खिलाड़ियों की निजी जिंदगी में भी दखल दिया जाता है। यही नहीं खिलाड़ियों को मारने की धमकी भी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर हमारे साथ कुछ भी होता है, तो उसके लिए अध्यक्ष जिम्मेदार होंगे।

 

PunjabKesari

 

विनेश के आरोपों को बृजभूषण ने बताया निराधार

 

महिला पहलवान द्वारा फेडरेशन अध्यक्ष पर यौन उत्पीड़न करने के आरोपों पर खुद बृजभूषण शरण सिंह ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि विनेश फोगाट के आरोप बेबुनियाद हैं। उनके पास आरोपों का कोई सबूत नहीं है। कोई पीड़ित है तो सबूत के साथ मेरे सामने आए। आरोप सही हुए तो फांसी पर लटक जाउंगा।

 

PunjabKesari

 

बजरंग पूनिया ने फेडरेशन पर खिलाड़ियों के हितों को नजरअंदाज करने के लगाए आरोप

 

वहीं बजरंग पूनिया ने कहा कि फेडरेशन में खिलाड़ियों के हितों को ध्यान में रखे बिना काम किया जा रहा है। उन्होंने एक ट्वीट करते हुए लिखा कि, “खिलाड़ी पूरी मेहनत कर के देश को मेडल दिलाता हैं लेकिन फेडरेशन ने हमें नीचा दिखाने के अलावा कुछ नहीं किया। मनचाहे क़ायदे क़ानून लगा कर खिलाड़ियों को प्रताड़ित किया जा रहा है।“ वहीं एक अन्य ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा कि, “फेडरेशन का काम खिलाड़ियों का साथ देना, उनकी खेल की जरूरतों का ध्यान रखना होता है। कोई समस्या हो तो उसका निदान करना होता है। लेकिन अगर फेडरेशन ही समस्या खड़ी करे तो क्या किया जाए? अब लड़ना पड़ेगा, हम पीछे नहीं हटेंगे।“

 

PunjabKesari

 

महिला आयोग की अध्यक्ष ने खिलाड़ियों से की मुलाकात

 

खिलाड़ियों द्वारा फेडरेशन पर लगाए जा रहे आरोपों के बीच महिला आयोग की भी एंट्री हो गई है। आयोग की अध्यक्ष स्वाती मालीमाल ने धरने पर बैठे खिलाड़ियों से मुलाकात की। यही नहीं उन्होंने खेल मंत्रालय और दिल्ली पुलिस को नोटिस भी जारी किया है। उन्होंने WFI के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि यह बड़े शर्म की बात है कि हमारे देश के लिए मेडल लाने वाली शेरनियां सड़क पर धरने पर बैठी हैं।

 

PunjabKesari

 

आम आदमी पार्टी ने खिलाड़ियों का साथ देने की कही बात

 

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा ने कुश्ती खिलाड़ियों के जंतर मंतर पर धरना शुरू करने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष बृजभूषण शरण के खिलाफ धरना शुरू कर दिया है। कुश्ती खिलाड़ियों ने उन पर यौन उत्पीड़न, मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और जान मारने के आरोप लगाए हैं। ढांडा ने कहा कि एक तरफ हरियाणा की बीजेपी सरकार के मंत्री पर जूनियर कोच को प्रताड़ित करने के आरोप लगे हैं, तो वहीं अब देश के लिए मेडल लाने वाले खिलाड़ी फेडरेशन के अध्यक्ष के खिलाफ धरने पर बैठने को मजबूर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी नेता बेलगाम और मानसिक तौर पर भ्रष्टाचार कर रहे हैं। मंत्री और सांसद, खिलाड़ियों को अपमानित करने में सबसे आगे हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी खिलाड़ियों के साथ है।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)         


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Gourav Chouhan

Recommended News

Related News

static