चढूनी और टिकैत के खिलाफ किसान नेता गुणी प्रकाश ने खोला मोर्चा, बोले- इनकी जल्द गिरफ्तारी की जाए

punjabkesari.in Monday, Jul 19, 2021 - 12:41 PM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी): किसान नेता राकेश टिकैत और गुरनाम चढूनी के खिलाफ अब खुद किसान ही मोर्चा खोलने की तैयारी कर चुके हैं। इन दोनों किसान नेताओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष गुणी प्रकाश ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि गुरनाम सिंह चढूनी और राकेश टिकैत की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जाए। क्योंकि ये दोनों प्रदेश का माहौल खराब कर रहे हैं। प्रदेश में भाईचारा खराब करने की साजिश रची जा रही है। 

उन्होंने कहा कि चढूनी पर दर्जनों मुकदमे दर्ज होने के बावजूद आखिर सरकार इसकी गिरफ्तारी से क्यों डर रही है ? यह लोग किसान आंदोलन के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेकने में लगे हैं। इन नेताओं की सच्चाई प्रदेश के किसान जान चुके हैं। जिसे लेकर अब कल होने वाली बैठक में यह घोषणा कर दी जाएगी कि भारतीय किसान यूनियन के झंडे तले किस प्रकार से इन लोगों के खिलाफ आंदोलन को तेजी दी जाएगी।

गुणी प्रकाश ने कहा कि चाहे हमें गांव-गांव जाकर इन लोगों की सच्चाई बताने पड़े या सड़क जाम करके इनकी गिरफ्तारी की मांग करनी पड़े। अब प्रदेश की भोले-भाले किसान इनके बहकावे में न आए और इनकी चिकनी चुपड़ी बातों में आकर टकराव का रास्ता न अपनाएं। 

इन आंदोलनकारी किसान नेताओं के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन जनसंपर्क अभियान के तहत गांव-गांव में जन-जन तक पहुंचेगी और इन फरेबी लोगों की सच्चाई दुनिया के सामने लाई जाएगी। हरियाणा में उत्पात मचाया जा रहा है। दंगे फसाद किए जा रहे हैं। मंत्रियों पर हमला हो रहा है। लाल किले पर देश के तिरंगे का अपमान किया गया। आंदोलन में किसान की जलाकर हत्या कर दी गई। बेटियों से बलात्कार हुए। छेड़खानी हो रही है। हरियाणा को आग में झोंकना चाह रहे हैं। यह तथाकथित किसान नेता चढूनी और टिकैत जैसे लोग दर्जनों मुकदमे दर्ज होने के बावजूद खुलेआम घूम रहे हैं। इन्हें सरकार गिरफ्तार क्यों नहीं कर रही। 

उन्होंने कहा कि तीनों कानून किसानों के हित में बनाए गए हैं। इससे किसानों को आर्थिक आजादी मिलेगी। लेकिन इसकी आड़ में यह लोग हरियाणा को जलाने की साजिश रच चुके हैं। जिसे लेकर देश के प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से इनकी गिरफ्तारी को लेकर हम कल ज्ञापन के तहत मांग करेंगे और फैसला लेंगे कि आगे किस प्रकार से आंदोलन को आगे बढ़ाना है।

इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश प्रवक्ता प्रवीण मथाना ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश कार्यकारिणी की मीटिंग में हमने मुख्यमंत्री को बुलाने की घोषणा की हुई है। हम इन उत्पाती लोग-तथाकथित किसान-फंडिंग पर काम करने वाले चढूनी और टिकैत जैसे लोगों के खिलाफ इस बैठक में बड़ा फैसला लेने जा रहे हैं। आंदोलन को किस प्रकार से आगे बढ़ाना है और किस प्रकार से गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करना, सड़क जाम करना, आंदोलन करना यह फैसला ले लिया जाएगा।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vinod kumar

Recommended News

Related News

static