Sonipat में हाई-वोल्टेज ड्रामा ! देखते ही देखते 72 फुट ऊंचे टावर पर चढ़ गया युवक, थम गई लोगों की सांसें
punjabkesari.in Sunday, Jul 05, 2026 - 07:51 PM (IST)
सोनीपत (कपिल शर्मा) : सोनीपत के कुंडली बॉर्डर के पास नेशनल हाईवे 44 पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ड्रेन नंबर-8 के पास करीब 72 फुट ऊंचे हाई-वोल्टेज ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ट्रांसमिशन लाइन की बिजली सप्लाई बंद करवा दी गई है। पुलिस, प्रशासन और बिजली विभाग की टीमें मौके पर मौजूद है और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास जारी है।
इस मौके पर युवक को इतनी ऊंचाई पर देखकर लोगों की नजरें थम गईं और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। मामले की सूचना मिलते ही डायल 112, कुंडली थाना पुलिस, बिजली विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर ट्रांसमिशन लाइन की बिजली सप्लाई बंद करवा दी गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
फिलहाल युवक की पहचान और टावर पर चढ़ने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। वहीं युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है, जिसके मौके पर पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।
उधर नेशनल हाईवे 44 पर लोगों की भीड़ जुटने के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर डटी हुई हैं और युवक को सकुशल नीचे उतारने की कवायद लगातार जारी है। अब देखने वाली बात यह होगी कि करीब 72 फुट ऊंचे हाई-वोल्टेज ट्रांसमिशन टावर पर चढ़े इस युवक को प्रशासन और रेस्क्यू टीमें किस तरह सुरक्षित नीचे उतार पाती हैं।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)