HSSC CET ग्रुप-डी भर्ती को लेकर युवाओं में जबरदस्त रुझान, एक दिन में 50,146 रजिस्ट्रेशन

punjabkesari.in Saturday, Jun 20, 2026 - 01:04 PM (IST)

हरियाणा डेस्क : हरियाणा में ग्रुप-डी (चतुर्थ श्रेणी) सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के 3 साल के इंतजार के बाद हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एच.एस.एस.सी.) ने ग्रुप-डी कॉमन एलिजिबिलिटी टैस्ट (सी.ई.टी.)-2026 की शुक्रवार 19 जून से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। अभ्यर्थी 3 जुलाई रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकेंगे, जबकि 6 जुलाई तक आवेदन शुल्क जमा कराया जा सकेगा। 

आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए बताया कि एक ही दिन में 50,146 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। उन्होंने बताया कि इनमें से 10,646 अभ्यर्थियों ने अपना आवेदन पूरी तरह भरकर अंतिम रूप से सबमिट भी कर दिया है। चेयरमैन हिम्मत सिंह ने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे अपना आवेदन स्वयं भरें और फाइनल सबमिट करने से पहले सभी जानकारियों की सावधानीपूर्वक जांच अवश्य करें। ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि भविष्य में परेशानी का कारण न बनें। साथ ही कहा गया है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, आधिकारिक सूचना पर ही विश्वास करें।

आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने बताया कि  आवेदन में त्रुटि होने पर 7 से 9 जुलाई तक करैक्शन विंडो भी उपलब्ध रहेगी। इस बार ग्रुप डी भर्ती में सबसे बड़ा बदलाव यह है कि सामाजिक-आर्थिक आधार पर मिलने वाले अतिरिक्त अंक पूरी तरह समाप्त कर दिए गए हैं। अब चयन पूरी तरह सी.ई.टी. में प्राप्त अंकों के आधार पर होगा। पिछली बार ग्रुप-सी सी.ई.टी. के लिए 13.45 लाख आवेदन आए थे, जबकि इस बार ग्रुप-डी सी.ई.टी. में 15 लाख से अधिक आवेदन आने की संभावना जताई जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static