Yamunanagar: अवैध कब्जों के खिलाफ सिंचाई विभाग की बड़ी कार्रवाई, करीब 15 खोखों पर पीला पंजा चला
punjabkesari.in Saturday, Jun 27, 2026 - 03:43 PM (IST)
यमुनानगर (परवेज खान) : यमुनानगर में अवैध कब्जों के खिलाफ सिंचाई विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दादूपुर पुल के पास सड़क किनारे रखे करीब 15 अवैध खोखों पर पीला पंजा चला दिया। विभाग की जेसीबी ने एक-एक कर सभी खोखों को हटाते हुए ध्वस्त कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कार्रवाई के दौरान कई दुकानदारों ने विरोध जताया। उनका कहना था कि वे पिछले करीब 30 वर्षों से यहां अपने खोखे लगाकर परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। दुकानदारों का आरोप है कि अचानक हुई इस कार्रवाई से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उनका कहना है कि एक-एक खोखे के पीछे करीब 30 हजार रुपये तक का नुकसान हुआ है।
वहीं सिंचाई विभाग के एसडीओ अजय कटारिया ने बताया कि यह कार्रवाई पूरी तरह नियमानुसार की गई है। उन्होंने कहा कि विभाग वर्ष 2024 से लगातार नोटिस जारी कर रहा था। इतना ही नहीं, चार दिन पहले भी मुनादी कराकर लोगों को स्वयं अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद अवैध कब्जे नहीं हटाए गए। इसी कारण विभाग को कार्रवाई करनी पड़ी। एसडीओ ने यह भी स्पष्ट किया कि दादूपुर पुल के पास सिंचाई विभाग की जमीन पर बनी पक्की दुकानों को भी 15 दिन का अंतिम नोटिस जारी किया गया है। यदि निर्धारित समय के भीतर इन दुकानों से अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो उन पर भी इसी तरह बुलडोजर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप का माहौल है और सिंचाई विभाग ने साफ कर दिया है कि सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)