भाजपा, कांग्रेस और इनेलो ने मिलकर भड़काया था जाट आंदोलन: जयहिंद

punjabkesari.in Thursday, Feb 08, 2018 - 11:01 AM (IST)

चंडीगढ़(धरणी): आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने भारतीय जनता पार्टी पर बड़ा आरोप लगाया है। पंजाब केसरी से खास बातचीत करते हुए नवीन जयहिंद ने भाजपा पर दंगे करवाकर दंगाइयों से करोड़ों की सैटिंग करने का आरोप लगाया है। जयहिंद ने कहा कि भाजपा ने हरियाणा का भाईचारा खराब किया है। 36 बिरादरी के लिए जाना जाने वाला हरियाणा आज दंगों के लिए बदनाम हो गया है और इसके लिए सीधा-सीधा भाजपा की सरकार कसूरवार है। 

उन्होंने कहा कि भाजपा का मुख्य एजेंडा चुनाव जीतना और पैसा बटोरना है। इसके लिए भाजपा कुछ भी कर सकती है। नवीन जयहिंद ने फरवरी 2016 में हुए हिंसक जाट आरक्षण आंदोलन के लिए भाजपा के साथ-साथ इनेलो और कांग्रेस को भी दोषी ठहराया है। उन्होंने कहा कि तीनों ही पार्टियों ने अपने फायदे के लिए मिलकर जाट आंदोलन को भड़काया और हरियाणा को हिंसा की आग में धकेल दिया। आज प्रदेश का हर वर्ग भाजपा सरकार से दुखी है और चुनाव का इंतजार कर रहा है।

नवीन ने कहा कि भाजपा को वोट देकर हरियाणा की जनता उसका खामियाजा भुगत रही है। 3 साल में 3 बार प्रदेश आग की लपटों में जल चुका है। खट्टर सरकार चला पाने में नाकामयाब साबित हो रहे हैं। ‘आप’ के प्रदेश कन्वीनर जयहिंद ने कहा कि 2019 चुनाव में ‘आप’ हरियाणा में लोकसभा और विधानसभा की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी और खट्टर सरकार की नाकामियों को जनता तक पहुंचाएगी। 

बच्चियों से रेप करने वालों की खाल उधेड़ी जाए
हरियाणा में आए दिन हो रही रेप और गैंगरेप की घटनाओं पर नवीन जयहिंद ने सख्त कदम उठाने की मांग की है। नवीन ने कहा कि रेप की घटनाओं ने प्रदेश का सिर शर्म से झुका दिया है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि बच्चियों से रेप करने वाले दोषियों की खाल उधेड़ देनी चाहिए। नवीन ने कहा कि रेप के दोषी पाए जाने पर आरोपी को फांसी से कम सजा नहीं होनी चाहिए। 

भाजपा ने राम रहीम को वोट के लिए इस्तेमाल किया
नवीन जयहिंद ने डेरा समर्थकों को लुभाने की कोशिश भी की है। खास बातचीत में नवीन ने भाजपा पर 2014 विधानसभा चुनाव के लिए डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को वोट के लिए इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पहले डेरे का वोट लिया और फिर राम रहीम को जेल भिजवाने का काम किया। 

सी.एम. हाऊस में तबेला तुड़वाकर खट्टर ने बनाए कमरे
नवीन जयहिंद ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को झूठा गौभक्त बताया। नवीन ने कहा कि भाजपा गौभक्ति के नाम पर ड्रामा करती है। नवीन ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने सी.एम. आवास में गायों को बांधने के लिए बनाई गई जगह को तुड़वाकर वहां अधिकारियों के लिए कमरे बनवा दिए। जयहिंद ने सवाल किया कि अगर मुख्यमंत्री सच्चे गौभक्त हैं तो उन्होंने चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास में कई दशकों से बांधी जाती गाय- भैंसों के तबेले को क्यों तुड़वाया? 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static