करनाल लोस व विस में गरमाएगी सियायत, JJP मनोहर और नायब के मुकाबले उतारेगी उम्मीदवार

punjabkesari.in Thursday, Mar 21, 2024 - 11:35 AM (IST)

चंडीगढ़ः  करनाल लोकसभा और विधानसभा। ये दोनों ऐसी सीट हैं, जो इस बार सबसे हॉट रहने वाली हैं। करनाल लोकसभा से पूर्व सीएम मनोहर लाल चुनाव मैदान में उतरे हैं। वहीं करनाल विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में सीएम नायब सिंह सैनी प्रत्याशी होंगे। एक ही इलाके से मौजूदा और पूर्व सीएम के एक साथ चुनाव लड़ने का प्रदेश में यह अपनी तरह का पहला मौका होगा।

सवा चार वर्षों से भी अधिक समय तक भाजपा के साथ गठबंधन सहयोगी रही जननायक जनता पार्टी (जजपा) ने करनाल लोकसभा क्षेत्र में पूर्व सीएम मनोहर लाल के खिलाफ अपना उम्मीदवार उतारने का ऐलान कर दिया है। इतना ही नहीं, पार्टी नायब सिंह सैनी के सामने भी अपना प्रत्याशी देगी। बुधवार को चंडीगढ़ स्थित जजपा मुख्यालय में मीडिया से रूबरू हुए दुष्यंत चौटाला ने भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए के साथ अपनी पार्टी जजपा के किसी भी तरह के रिश्तों से इनकार कर दिया।

उन्होंने कांग्रेस, इनेलो व आप के उन आरोपों को भी सिरे से नकारा, जिनमें कहा जा रहा है कि लोगों को दिखाने के लिए गठबंधन तोड़ा है। अंदरखाने आज भी भाजपा-जजपा में सहमति बनी हुई है। दुष्यंत ने कहा कि पार्टी करनाल लोकसभा सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के विरुद्ध अपना उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारेगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के विरुद्ध भी करनाल हलके के उपचुनाव में जेजेपी का उम्मीदवार उतरेगा। चुनावों को लेकर बड़ा दावा करते हुए दुष्यंत ने कहा, पिछले चुनावों में हमारी चाबी ने विधानसभा का ताल खोला था। इस बार ताला भी हमारा होगा और चाबी भी हमारी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Recommended News

Related News

static