गेहूं की कटाई से पहले नुकसान का सर्वे कर रिपोर्ट भेजेंगे अधिकारी: कृषि मंत्री
punjabkesari.in Monday, Apr 03, 2023 - 06:54 PM (IST)

जींद (अमनदीप पिलानिया) : कृषि मंत्री जेपी दलाल ने रविवार शाम को जिले के राजपुरा और ईंटल खुर्द गांव में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलों के हुए नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों से भी बातचीत की। कृषि मंत्री ने कहा कि बेमौसमी वर्षा से फसलों में काफी नुकसान हुआ है। जिसका संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने स्पेशल गिरदावरी करने के आदेश दिए हुए हैं। अधिकारी खेतों में जाकर गेहूं की कटाई से पहले सर्वे करवाएंगे और नुकसान की रिपोर्ट भेजेंगे। उसके बाद मई तक किसानों को मुआवजा दिया जाएगा।
ड्रोन से किया जाएगा सर्वे
सैटेलाइट, ड्रोन के साथ-साथ सर्वे के लिए पटवारी भी हैं। बीमित फसलों में हुए नुकसान का मुआवजा बीमा कंपनी देगी। वहीं जिन किसानों ने बीमा नहीं करवाया है। उनकी फसलों में हुए नुकसान का मुआवजा प्रदेश सरकार देगी। गैर बीमित फसलों में हुए नुकसान की शिकायत किसान क्षतिपूर्ति पोर्टल पर आनलाइन दर्ज करवाएं। जिन किसानों ने पोर्टल पर शिकायत दर्ज नहीं कराई है। उनकी फसलों का भी सर्वे सरकार कराएगी। फसलों में नुकसान की अधिकारियों द्वारा पहली रिपोर्ट सरकार को भेजी जा चुकी है। संकट की इस घड़ी में सरकार किसानों के साथ है।
मंडी का दौरा कर स्वयं व्यवस्था का लुंगा जायजा
कृषि मंत्री ने कहा कि मंडियों में फसलों की बिक्री में किसानों को किसी तरह की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। वे खुद मंडियों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। किसान सरसों की फसल को सुखाकर लाएं, जिससे उनकी फसल समर्थन मूल्य पर बिक सके। इस दौरान उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष राजू मोर और भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष संदीप लोहान उपस्थित रहे।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)