जनता को मूर्ख और खुद को ज्यादा समझदार समझते हैं केजरीवाल : जेपी दलाल

punjabkesari.in Saturday, Nov 19, 2022 - 06:02 PM (IST)

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): आदमपुर उपचुनाव रिजल्ट के बाद भाजपा नेता पूरी तरह से उत्साहित और आत्मविश्वास से लबरेज नजर आ रहे हैं। उपचुनाव को लेकर बड़े-बड़े दावे करने वाली आम आदमी पार्टी की हुई दुर्गति को देखकर जहां "आप" नेता बेहद परेशान है, वहीं भाजपा नेता इस पर चुटकी लेते नजर आ रहे हैं। हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने इस पर बोलते हुए कहा कि जिस प्रकार से केजरीवाल बार-बार हेलीकॉप्टर से उपचुनाव में पहुंचे और पंजाब के मुख्यमंत्री को भी बार-बार वहां लाया गया, बावजूद इसके 131000 में से मात्र 2-3 फ़ीसदी 3400 वोट ही हासिल यह कर पाए। इससे साफ हो गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल की नीतियों के चलते हरियाणा में अब ऐसे दलों की एंट्री नहीं है। जिस प्रकार से गरीब के लिए योजनाओं का निर्माण किया गया और अंतिम छोर पर बैठा व्यक्ति आज सरकार की नीतियों से लाभान्वित हो रहा है। केजरीवाल की झूठ- फरेब की राजनीति ध्वस्त हो गई है। उन्होंने कहा कि जनता को मूर्ख और खुद को ज्यादा समझदार समझने वाले केजरीवाल ने झूठ बोलकर लुभावने वायदे कर पंजाब में सरकार तो बना ली, लेकिन अब आगे दौड़ पीछे छोड़ की रणनीति के तहत चल रहे हैं। दिल्ली और पंजाब संभाला नहीं जा रहा, हिमाचल और गुजरात को लेकर चुनाव प्रचार करते फिर रहे हैं। अब इन्हें लोग स्वीकार नहीं करेंगे।

 

 

 

हरियाणा के बहुत से नेता कांग्रेस को छोड़ भाजपा में आने के विचार में : जेपी दलाल

 

लगातार भाजपा में किरण के शामिल होने की अटकलों पर बोलते हुए कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा है कि धुआं तभी उठता है जब आग होती है। कांग्रेस के वह नेता जिनके बारे कल्पना भी नहीं की जा सकती थी, राहुल के बेहद नजदीकी ज्योतिराज सिंधिया- जितेंद्र प्रसाद जैसे बहुत से बड़े नेता भाजपा में आ गए। आज जनता की सेवा कर रहे हैं और बेहद संतुष्ट हैं। इसी तरह बहुत से हरियाणा के नेता भी इस विचार में है कि कांग्रेस को छोड़ भाजपा में आ जाएं।

 

 

 

 

कभी गुजरात तो कभी हिमाचल घूमने वाले भगवंत मान का पंजाब की ओर ध्यान नहीं : जेपी दलाल

 

पंजाब में आतंकवाद से पहले के हालातों जैसे मौजूदा बने हालातों पर बेहद चिंता व्यक्त करते हुए प्रदेश के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने पंजाब को बॉर्डर स्टेट बताते हुए वहां की सरकार को कड़ा संज्ञान लेने की नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि दूसरे देशों में बैठे देश विरोधी लोगों की रूचि पंजाब में है। आज हालात पंजाब के सुखद नहीं हैं। बेकाबू स्थिति होने से पहले ही पंजाब सरकार को सख्त कार्रवाई करने का फैसला लेना चाहिए। पुराने समय को ध्यान में रखते हुए तुरंत प्रभाव से इस पर कंट्रोल करना बेहद जरूरी है। यह मात्र पंजाब की ही नहीं, पूरे देश की चिंता का विषय है। उन्होंने पंजाब की कौम को स्वाभिमानी बताते हुए कहा कि जिस प्रकार से केजरीवाल ने पंजाब के मुख्यमंत्री के हालात कर रखे हैं, पंजाब की जनता इसे स्वीकार नहीं करेगी। कभी हिमाचल -कभी दिल्ली और कभी गुजरात घूमने वाले भगवंत मान का पंजाब की ओर कोई ध्यान नहीं है। इसी बात को ध्यान में रखकर आम आदमी पार्टी की सरकार को पंजाब की जनता उखाड़कर फेंक देगी।

 

 

 कांग्रेस रूपी डूबते जहाज से लोग उतर-उतरकर भाग रहे हैं : जेपी दलाल

 

आदमपुर उपचुनाव के प्रभारी की जिम्मेदारी को बखूबी निभाने वाले जेपी दलाल का इस बड़ी जीत में बड़ा श्रेय माना जा रहा है। इस पर बोलते हुए उन्होंने कांग्रेस पर टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की हार निश्चित थी, मैं पहले से ही कह रहा था। क्योंकि कांग्रेस को कांग्रेसी ही डुबो रहे हैं। कांग्रेस के टुकड़े हो चुके है। कांग्रेस एक डूबता जहाज है। कांग्रेस का केंद्रीय नेतृत्व कमजोर है और हरियाणा कांग्रेस के हालात मौजूदा समय में बेहद खराब है। आपस में लड़-झगड़कर यह लोगों में अपनी स्वीकृति को समाप्त कर रहे हैं।

 

 

सड़कों पर बैठे किसानों की जायज मांगों पर संज्ञान ले पंजाब सरकार : जेपी दलाल

 

पंजाब में सड़कों पर बैठे किसानों  को लेकर प्रदेश के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा है कि पंजाब सरकार को सभी जायज मांगे मान लेनी चाहिए। किसान हमेशा किसी न किसी समस्या को लेकर सड़क पर बैठता है। लेकिन कुछ लोग अपनी राजनीति के चक्कर में आंदोलन शुरू करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हाईवे और रेल जाम करने से देश को भारी नुकसान झेलना पड़ता है और किसानों को भी इसका नुकसान होता है। देश की प्रगति को ध्यान में रखते हुए किसानों को फैसला लेना चाहिए।  

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ajay Kumar Sharma

Recommended News

Related News

static