स्टडी वीजा पर कनाड़ा गए कुरुक्षेत्र के युवक की गई जान, परिवार में छाया मातम...पोस्टमार्टम रिपोर्ट में होगा मौत के कारणों का खुलासा

punjabkesari.in Wednesday, May 20, 2026 - 03:28 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (रणदीप) : कुरुक्षेत्र जिले के एक स्टूडेंट की कनाडा में मौत हो गई। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिवार ने सरकार से बेटे की डेडबॉडी मंगवाने की गुहार लगाई है। युवक करीब 2 साल पहले स्टडी वीजा पर कनाडा गया था। जहां सुबह उसका शव कमरे से बरामद हुआ।

मृतक स्टूडेंट की पहचान लाडवा के गजलाना गांव के वीरेन रंगा के रूप में हुई है। वीरेन मार्च 2024 में कनाडा गया था और वहां के सरे शहर में अपनी पढ़ाई कर रहा था। वीरेन की मौत की वजह सामने नहीं आई। परिवार ने उसे हाई एजुकेशन लेने के लिए कनाडा भेजा था। 

परिवार के मुताबिक वीरेन हर रोज की तरह रात को अपने कमरे में सोने गया था। सुबह काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं आया। इसके बाद साथ रहने वाले दोस्तों ने उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन कोई मूवमेंट नहीं मिली। जब करीब जाकर देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। फिलहाल वीरेन की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। कनाडा पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी तक मौत की वजह सामने नहीं आई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

बड़े सपने लेकर गया था कनाडा

वीरेन बेहतर भविष्य और पढ़ाई के सपने लेकर कनाडा गया था। वीरेन शांत स्वभाव का और पढ़ाई में अच्छा था। उसकी अचानक मौत की खबर से पूरे इलाके में दुख का माहौल है। परिवार लगातार कनाडा में उसके दोस्तों और संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है। वीरेन के पिता राजेद्र रंगा बिजली निगम में फॉरमैन हैं और बाबैन बिजली बोर्ड में तैनात है। वीरेन का बड़ा भाई आदित्य हिमाचल प्रदेश की यूनिवर्सिटी से वैटनरी सर्जन का कोर्स कर इंटरशिप कर रहा है, जबकि वीरेन की मां सुनीता हाउस वाइफ है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

वर्क परमिट के लिए किया था अप्लाई

पिता राजेद्र रंगा ने बताया कि वीरेन ने शाहाबाद के खरींडवा गांव की ITI से इलेक्ट्रीशियन का 2 साल डिप्लोमा किया था। आगे पढ़ने के लिए वीरेन विदेश जाना चाहता था। कनाडा के वैंकूवर से वीरेन इलेक्ट्रिकल का डिप्लोमा कर रहा था। उसका डिप्लाेमा कंप्लीट हो चुका था। अभी उसने अपना वर्क परमिट अप्लाई किया था। राजेंद्र रंगा ने बताया कि गुरुवार रात को उनकी वीरेन के साथ वीडियो काॅल पर बातचीत हुई थी। उसका बड़ा भाई आदित्य भी वीडियो कॉल पर जुड़ा था। उन्हें ऐसा कुछ नहीं लगा कि वीरेन को कोई परेशानी थी। बातचीत के बाद वीरेन सोने के लिए अपने कमरे में चला गया। उनको रात करीब 8 बजे वीरेन की तबीयत खराब होने की सूचना मिली थी। वीरेन के ताया के बेटे गुरमीत और गौरव भी उसके साथ ही रहते थे। उन्होंने ही रात को वीरेन की मौत सूचना दी। हालांकि अभी तक मौत की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस ने उसका ब्लड सैंपल लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)         


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static