चरित्र पर शक, पत्नी की तकिए से मुंह दबाकर हत्या कर पति राजस्थान भागा, ऐसे पुलिस गिरफ्त में आया
punjabkesari.in Tuesday, Feb 03, 2026 - 07:49 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): पत्नी के चरित्र पर शक करके उसकी तकिए से मुंह दबाकर हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोपी पति वारदात के बाद राजस्थान फरार हो गया था। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान कानपुर के रहने वाले सन्नी दयाल के रूप में हुई है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक 29 जनवरी को सेक्टर-37 थाना पुलिस को गांव खांडसा में एक महिला की हत्या की सूचना मिली थी। मामले में मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लिया। मौके पर पहुंची एफएसएल की टीम ने पाया कि महिला के नाक से खून निकला हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर मृतक महिला के भाई ने पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि इसकी बहन (मृतका) शीलू देवी निवासी रानी का बगीचा, जिला कानपुर (उत्तर-प्रदेश) की शादी वर्ष-2018 में सन्नी दयाल से हुई थी। इसकी बहन का पति 4 महीने पहले गांव खांडसा, गुरुग्राम में आया था व दिहाड़ी मजदूरी करता था। इसे फोन के माध्यम से पता चला कि इसके जीजा सन्नी से इसकी बहन शीलू की हत्या कर दी तो यह अपनी बहन के किराए के मकान पर आया, मकान पर ताला लगा हुआ था। ये ताला तोड़कर कमरे के अंदर गए तो इसकी बहन शीलू मृत अवस्था में पड़ी थी। मामले में शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी पति सन्नी को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने बताया कि इसका व इसकी पत्नी शीलू (मृतका) के बीच छोटी-मोटी बात को लेकर झगड़ा हो जाता था तो यह शीलू के चरित्र पर शक करता था। 28 जनवरी की रात को भी इनके बीच ऐसे ही झगड़ा हुआ था और इसने अपनी पत्नी शीलू देवी की तकिए से मुंह/गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद पहले यह आगरा (उत्तर-प्रदेश) फिर जयपुर (राजस्थान) भाग गया। आरोपी से पूछताछ जारी है।