शेयर बाजार में मुनाफे की लालच देकर युवक से ठगे 25 लाख
punjabkesari.in Friday, Oct 09, 2026 - 06:58 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): साइबर सिटी गुरुग्राम में शेयर बाजार में मुनाफे का लालच देकर एक व्यक्ति से 25 लाख चार हजार रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना दक्षिण में गुरुवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जालसाज ने पीड़ित को व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़कर ठगी को अंजाम दिया गया।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
सेक्टर-67 निवासी संजय कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ समय पहले उनको एक व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़ा गया। इस ग्रुप में शेयर बाजार और ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए बहुत कम समय में दोगुना और तिगुना मुनाफा कमाने के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे थे। शुरुआत में ग्रुप के सदस्यों द्वारा दिखाए जा रहे फर्जी प्रॉफिट के स्क्रीनशॉट देखकर पीड़ित उनके झांसे में आ गया। इसके बाद जालसाजों ने संजय कुमार को एक विशेष ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड करने और उसमें खाता बनाने के लिए कहा। पीड़ित को शुरुआत में विश्वास में लेने के लिए छोटे निवेश पर अच्छा रिटर्न दिखाया गया, जिसे वे आसानी से निकाल भी सके। जब पीड़ित का भरोसा पूरी तरह बन गया, तो ठगों ने उन्हें बड़े पैमाने पर निवेश करने के लिए प्रेरित किया। पीड़ित संजय कुमार ने आरोपियों के बताए अनुसार अलग-अलग बैंक खातों और किश्तों में कुल 25 लाख चार जार रुपये का निवेश कर दिया। निवेश के बाद ऐप में मुनाफा करोड़ों तक दिखाया गया।
जब पीड़ित ने अपने ऐप वॉलेट में दिख रही बड़ी रकम और मुनाफे को अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करने का प्रयास किया, तो ठगों ने टैक्स और सर्विस चार्ज के नाम पर और पैसों की मांग करना शुरू कर दिया। जब संजय कुमार ने और पैसे देने से मना किया और अपनी मूल राशि वापस मांगी, तो आरोपियों ने ग्रुप से उन्हें ब्लॉक कर दिया और संपर्क तोड़ लिया। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने तुरंत साइबर पुलिस से संपर्क किया। जांच अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। जिल व्हाट्सऐप नंबरों से पीड़ित से संपर्क किया गया था और जिन बैंक खातों में 25.04 लाख रुपये की राशि ट्रांसफर की गई है, उनका तकनीकी विश्लेषण और बैंक ट्रेल खंगाला जा रहा है।