दोस्ती में धोखा- चंद मिनटों में Thar लेकर फरार हुआ दोस्त, केस दर्ज
punjabkesari.in Friday, Jun 12, 2026 - 09:04 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): एंबियंस मॉल के सामने से दोस्ती और भरोसे को शर्मसार करने वाला चोरी का मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के लखनऊ से आए एक व्यक्ति को उसका दोस्त ही चूना लगा गया। पीड़ित जैसे ही मॉल के वॉशरुम में गया, मौका पाकर उसका कथित दोस्त कार लेकर फरार हो गया। डीएलएफ फेज-3 थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ निवासी सुधीर कुमार पाण्डेय फिलहाल लखनऊ के गौतम पल्ली स्थित क्रिश्चन कॉलोनी में परिवार के साथ रहते हैं। उनके पास काले रंग की महिंद्रा थार है, जो उनकी पत्नी नीलम पाण्डेय के नाम पर रजिस्टर्ड है। सुधीर कुमार ने पुलिस को बताया कि गत 26 मार्च 2026 की शाम करीब 9 बजे, उनका एक परिचित भरत वर्मा उनके साथ थार गाड़ी में बैठकर एंबियंस मॉल गुरुग्राम के सामने तक आया था। भरत वर्मा खुद को हरियाणा के झज्जर जिले का रहने वाला बताता था।
मॉल के सामने पहुंचने के बाद सुधीर कुमार पाण्डेय थार को बाहर खड़ी कर कुछ देर के लिए मॉल के अंदर वॉशरुम चले गए। गाड़ी में चाबी लगी हुई थी। बस इसी बात का फायदा उठाकर भरत वर्मा ने सुधीर की अनुपस्थिति में गाड़ी स्टार्ट की और मौके से रफूचक्कर हो गया। सुधीर मॉल से बाहर आए तो गाड़ी और दोस्त दोनों गायब थे। उन्होंने तुरंत गाड़ी में लगे जीपीएस सिस्टम के जरिए थार को ट्रैक किया। उस समय गाड़ी की लोकेशन राजस्थान के अलवर जिले के हाडोली गांव में दिखाई दे रही थी, लेकिन इसके तुरंत बाद शातिर आरोपी भरत वर्मा ने गाड़ी का जीपीएस कनेक्शन काट दिया, जिससे गाड़ी को ट्रैक करना नामुमकिन हो गया। पीड़ित सुधीर पाण्डेय ने बताया कि उन्होंने आरोपी भरत वर्मा से फोन कर संपर्क किया गया। अपनी थार गाड़ी वापस मांगी। भरत लगातार उन्हें झांसा देता रहा और कार को वापस नहीं किया। जांच अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी है।