फिर तूल पकड़ने लगा मनीषा की मौत का मामला, 8 गांवों की पंचायत ने लिया ये बड़ा फैसला, अगर CBI ने...
punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2026 - 11:57 AM (IST)
ढिगावा : जिले के गांव ढाणी लक्ष्मण निवासी 19 साल की युवती मनीषा की मौत का मामला अब दोबारा तूल पकड़ने लगा है। इसी कड़ी में रविवार को गांव ढाणी लक्ष्मण में बुढेड़ा कन्नी के 8 गांवों की पंचायत हुई। इसमें फैसला लिया गया कि 6 मार्च तक सी.बी.आई. ने जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की तो 7 मार्च को 8 गांवों के लोग सुबह 8 बजे से भिवानी के लिए पैदल रवाना होंगे। ग्रामीणों का पहला पड़ाव 7 मार्च की रात गांव जुई में होगा। वहीं 8 मार्च की रात दूसरा पड़ाव भिवानी के नजदीक देवसर मोड़ पर होगा। उसके बाद 9 मार्च की दोपहर लोग पैदल चलकर डी.सी. कार्यालय पहुंचकर अपनी मांगों का ज्ञापन देंगे।
पंचायत में मनीषा मौत मामले की सी.बी.आई. द्वारा खुलासा न करने पर भारी रोष दिखाई दिया। इसलिए पंचायत में मौजूद लोगों ने मनीषा मौत मामले कि सी.बी.आई. जांच का खुलासा करवाने के लिए अब भविष्य में होने वाले जनसंघर्ष में सहयोग देने का ठोस आश्वासन पंचायत को दिया। डी.सी. कार्यालय पर प्रदर्शन कर मनीषा मामले में सी.बी.आई. जांच का खुलासा नहीं करने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होने पर मुलाकात कर आगामी बड़ी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए ज्ञापन सौंपा जाएगा।
यहां बता दें कि गांव ढाणी लक्षमण निवासी 19 साल की युवती मनीषा पिछले साल 11 अगस्त को अपने घर से पहले गांव सिंघानी के प्ले स्कूल में पढ़ाने और वहां से वह सिंघानी के एक नर्सिंग कॉलेज में दाखिले के लिए पूछताछ की बात कहकर निकली थी। इसके बाद मनीषा का शव 13 अगस्त को गांव सिंघानी के खेतों में क्षत-विक्षत हालत में मिला था।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)