विधायक मोहन लाल बडोली ने हुड्डा पर बोला हमला, कहा- ब्राह्मण डिप्टी सीएम बनाने की घोषणा राजनीतिक स्टंट

punjabkesari.in Sunday, Oct 29, 2023 - 02:52 PM (IST)

रोहतक(दीपक भारद्वाज): राई से भारतीय जनता पार्टी के विधायक मोहनलाल बडोली ने रविवार को कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा को आड़े हथों लिया। उनका कहना था कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शायद पाप ही इतने किए हैं कि उनको जेल याद आ रही है, जो जैसा कर्म करेगा उसको उसका परिणाम भुगतना पड़ेगा। विधायक मोहनलाल बडोली आज रोहतक में मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम के लिए कलश यात्रा को दिल्ली रवाना करने के लिए रोहतक पहुंचे थे। वहीं बडोली ने  ब्राह्मण डिप्टी सीएम बनाने की घोषणा को हुड्डा का राजनीतिक स्टंट करार दिया है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कभी भी द्वेष पूर्ण तरीके से कोई कार्रवाई नहीं करती। जिसने जैसे कर्म किए हों उसे उसका वैसा ही भुगतान करना पड़ता है। शायद भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पाप इतने किए हैं कि उन्हें जेल याद आ रही है। कानून को अपना काम करना है। भारतीय जनता पार्टी ने किसी के लिए कोई जेल या कमरा तैयार नहीं करा रखा है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ब्राह्मण डिप्टी सीएम बनाने की घोषणा भूपेंद्र सिंह हुड्डा का केवल मात्र राजनीतिक स्टंट है। भूपेंद्र हुड्डा यह बताएं क्या कांग्रेस आला कमान ने इसके लिए उन्हें ऑथराइज्ड कर रखा है या यह सिर्फ उनका अपना ही फैसला है।

इस दौरान भाजपा विधायक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कभी भी जातिवाद की राजनीति नहीं करती है। 2024 में केंद्र और प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार पूर्ण बहुमत के साथ बनने जा रही है। क्योंकि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व प्रदेश की जनता मनोहर लाल खट्टर के कामों से काफी खुश है। जहां तक इंडिया गठबंधन की बात है तो वह केवल स्वार्थ का गठबंधन है और पांच राज्यों के चुनाव में ही इस गठबंधन की सच्चाई सामने आ चुकी है।

नायब सैनी को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर विधायक बडोली ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक सामान्य से कार्यकर्ता को भी बड़े पद पर बैठा देती है। नायब सैनी ने तो प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम किया है। भारतीय जनता पार्टी ने पिछड़ा वर्ग को सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा शहीदों का सम्मान किया है और इसी वजह से मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम के तहत पूरे देश की मिट्टी से शहीदों के लिए स्मारक तैयार होगा। कांग्रेस पार्टी को इस तरह के कामों में आरोप प्रत्यारोप करने की बजाय शहीदों के सम्मान के लिए सुझाव देनी चाहिए।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Saurabh Pal

Related News

static