CAG की रिपोर्ट में महाघोटाले की पुष्टि, नीरज शर्मा बोले- कार्रवाई से क्यों पीछे हट रही सरकार
punjabkesari.in Monday, Jul 17, 2023 - 07:06 PM (IST)

फरीदाबाद(अनिल राठी) : बल्लभगढ़ में सोमवार को नगर निगम में हुए कथित 200 करोड़ के घोटाले लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कहा कि बल्लभगढ़ विधानसभा भ्रष्टाचार की राजधानी बन चुकी है। उन्होंने बताया कि घोटाले को लेकर सीएजी भी अपनी रिपोर्ट में मान चुकी है कि घोटाला 183. 83 करोड़ का हुआ है। अब सरकार को इस घोटाले में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर उनसे रिकवरी करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पूरे हरियाणा में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार बल्लभगढ़ में है। इस मामले को जब विधानसभा में उठाया जाता है तो स्थानीय मंत्री यह कह कर भ्रष्ट अधिकारियों का बचाव करते हैं कि विधायक नीरज शर्मा उन्हें डरा रहे हैं। नीरज शर्मा ने आरोप लगाते हुए कहा की नगर निगम में हुए 183.83 करोड़ रुपए के घोटाले में सबसे ज्यादा घोटाला बल्लभगढ़ में हुआ है। यह घोटाला हरियाणा में सबसे ज्यादा है। शर्मा ने कैग की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि भारत सरकार की अपनी एजेंसी यह रिपोर्ट दे रही है कि नगर निगम में 183.83 करोड रुपए का भ्रष्टाचार हुआ है।
इसके अलावा कांग्रेस विधायक ने कहा कि नगर निगम घोटाले के ठेकेदार सत्यवीरा के खाते से जो गाड़ियां खरीदी गईं, सरकार को सार्वजनिक करना चाहिए और बताना चाहिए कि वह गाड़ियां कहां-कहां चली और किस किस नेता या अधिकारी ने उन्हें इस्तेमाल किया। नीरज का आरोप है कि सतबीरा के खाते से हवाई जहाज की टिकटें खरीदी गईं, जिनके माध्यम से बहुत सारे नेताओं ने व उनके परिवारों ने विदेश यात्राएं की। इसको भी सरकार को सार्वजनिक करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मंत्री मूलचंद शर्मा ने पन्ना प्रमुख सम्मेलन किया, जिसमें कार्यकर्ताओं को जाकर एक-एक वोटर से मिलने के लिए कहा गया, लेकिन अगर इन्हीं कार्यकर्ताओं को नगर निगम के इन कामों की सूची पकड़ा दी जाती और उनसे कहा जाता इनकी जांच करके बताएं तो हो सकता है यह भ्रष्टाचार समय रहते उजागर हो जाता।
वही कांग्रेसी विधायक नीरज शर्मा द्वारा निगम में हुए घोटाले के आरोपों पर जवाब देते हुए कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि घोटाले की सरकार जांच करवा रही है। इतना ही नहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सरकार में हुए कामों की भी जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि जितने भी काम हुए हैं, उनकी पेमेंट को लेकर एंटी करप्शन ब्यूरो जांच कर रही है। जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। ठेकेदार द्वारा गाड़ियां गिफ्ट करने को लेकर उन्होंने कहा कि उनके नाम पर कोई गाड़ी नहीं है। जिसे गाड़ी दी गई है विपक्षी उनका नाम सार्वजनिक करें।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)