विधायक राजेंद्र सिंह जून का दावा, 2024 में बनेगी कांग्रेस की सरकार...भूपेंद्र हुड्डा ही बनेंगे मुख्यमंत्री
punjabkesari.in Sunday, Jul 02, 2023 - 04:57 PM (IST)

बहादुरगढ़ (प्रवीण धनखड़) : बहादुरगढ़ से विधायक राजेंद्र सिंह जून आज कांग्रेस के हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत जनसंपर्क करने शहर में निकले थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि 2024 के चुनाव के लिए कांग्रेस पूरी तरह से तैयार है। अगले चुनाव में हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनेगी और भूपेंद्र सिंह हुड्डा तीसरी बार प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे। जिसके बाद प्रदेश में 9 साल से अटके विकास कार्यों को गति मिलेगी।
राजेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में प्रदेश भर में ताबड़तोड़ विकास कार्य हुए थे। बहादुरगढ़ में मेट्रो परियोजना की शुरुआत भी कांग्रेस कार्यकाल में ही हुई थी। कांग्रेस की सरकार बनते ही मेट्रो को रोहतक तक ले जाने का काम किया जाएगा। इतना ही नहीं बीजेपी के पिछले 9 साल के कार्यकाल के दौरान जो विकास कार्य अटके हुए हैं उन्हें भी गति मिलेगी। राजेंद्र सिंह का कहना है कि बीजेपी के शासनकाल में बहादुरगढ़ में विकास कार्य नहीं हुए। प्री मानसून की पहली बरसात में ही ना सिर्फ बहादुरगढ़ बल्कि पूरा हरियाणा पानी में डूबा हुआ दिखाई दिया। उन्होंने नगर परिषद को आदेश भी जारी किए हैं ताकि जलभराव की समस्या से लोगों को निजात मिल सके।
इस दौरान उनका कहना है कि कांग्रेस के पिछले कार्यकाल में प्रदेश भर में सड़कों का जाल बिछाया गया था। इतना ही नहीं बेरोजगार युवाओं को भी खूब नौकरियां दी गई थी। कांग्रेस की सरकार बनते ही एक बार फिर से प्रदेश में विकास की झड़ियां लग जाएंगी।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)