बेटी की डोली उठने से पहले मां की उठी अर्थी...सदमे में पूरा परिवार, कुरुक्षेत्र से सामने आई बेहद दुखद घटना
punjabkesari.in Tuesday, Apr 07, 2026 - 02:27 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : कुरुक्षेत्र जिले के बाबैन खंड के खेड़ा गांव में एक महिला की जहरीला पदार्थ निगलने से मौत हो गई। महिला की पहचान ममता (45) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला ने घर में कोई जहरीली चीज खा ली, जिसके बाद तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार खेड़ा गांव निवासी सतपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि वह वेल्डिंग का काम करता है। सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह नाश्ता करने के बाद अपने रिश्तेदारों को बेटी की शादी का न्योता देने के लिए टाटकी गांव गया था। इसी दौरान करीब एक घंटे बाद उसके जीजा विजय कुमार का फोन आया, जिसने बताया कि ममता की अचानक तबीयत खराब हो गई है और उसे छाती में जलन हो रही है।
परिजनों ने पहले उसे संभालने की कोशिश की, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान ममता ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। मृतका के पति सतपाल ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी ने घर में कोई जहरीली चीज खा ली थी। उन्होंने किसी पर किसी तरह का शक नहीं जताया है। पुलिस ने सतपाल के बयान के आधार पर इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज कर ली है और शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
परिजनों के अनुसार ममता की शादी करीब 22 साल पहले हुई थी। उसके एक बेटा प्रिंस (20) और बेटी निशा (19) हैं। परिवार ने हाल ही में बेटी निशा की शादी तय की थी और अगले महीने 10 मई को शादी होनी थी। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था और रिश्तेदारों को न्योता दिया जा रहा था। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। बेटी की शादी से पहले मां की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)