UP से पकड़ा गया 4 साल की मासूम का हत्यारा, वहां भी 9 साल की बच्ची का रेप के बाद किया कत्ल

punjabkesari.in Thursday, Sep 28, 2017 - 04:26 PM (IST)

पानीपत(अनिल कुमार): बलजीत नगर में 17 सितंबर को 4 साल की बच्ची का किडनैप कर रेप के बाद उसकी हत्या करने वाला दरिंदा यूपी के कोशांबी में पकड़ा गया है। सीआइए-3 पुलिस ने वारदात के11 दिन बाद 29 वर्षीय सुखराज को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कौशांबी में भी 9 साल की बच्ची को अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर उसकी हत्या कर दी थी।

जानकारी के अनुसार आरोपी यूपी के कौशांबी के हंजापुर गांव का रहने वाला है। सुखराज सात-आठ महीने से फैक्ट्री में काम करता था और बलजीत नगर के आसपास किराए पर रहता था। 17 सितंबर को बिजली जाने के बाद मां व पिता 4 साल की बच्ची को लेकर घर के बाहर आ गए थे। इस दौरान वह भी घर के बाहर था। गली में हनुमान स्वरूप निकले तो माता-पिता वहां रुक गए। इतने में मौका पाकर आरोपी बच्ची को उठाकर ले गया था। रेप के बाद बच्ची बेसुध हुई तो आरोपी ने उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद से उसका कमरा बंद था तभी से वह पुलिस के शक के दायरे में था। 

एसपी ने बताया कि उन्हें मंगलवार को सूचना मिली कि चार साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म कर हत्या का आरोपी कौशांबी की हंजापुर का सुखराज हो सकता है। इसके बाद सीआइए-3 टीम कौशांबी के लिए रवाना हुई और स्थानीय पुलिस से संपर्क साधा तो पता लगा कि कौशांबी में भी नौ साल की बच्ची के साथ दुराचार कर हत्या की गई है। इसके बाद पुलिस ने सुखराज को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल किया।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static