नहर के पास मिला नवविवाहिता का शव, मायका पक्ष ने दहेज के लिए हत्या करने का लगाया आरोप

punjabkesari.in Tuesday, Sep 13, 2022 - 05:34 PM (IST)

नूंह(एके बघेल): जिले के बाबूपुर गांव में नहर में विवाहिता का शव मिलने के बाद मायका पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका के परिजनों का कहना है कि दहेज ना मिलने पर ससुरालियों ने उनकी बेटी को मारकर नहर में फेंक दिया। मृतका के चाचा ने बताया कि फातमा की शादी छह माह पहले ही बाबूपुर निवासी सादम पुत्र फकरु के साथ की थी। उनका आरोप है कि मृतका के ससुराल वाले आए दिन दहेज के लिए बेटी के साथ मारपीट करते थे। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है।

 

6 महीने पहले ही हुई थी मृतका की शादी, दहेज के लिए परेशान करते थे ससुराल वाले

 

मृतका के चाचा ने बताया कि रविवार की सुबह उन्हें ससुराल पक्ष की ओर से फोन आया और बताया कि आप की लड़की का किडनैप हो गया है। किडनैपिंग की खबर सुनते ही जब बाबूपुर गांव पहुंचे तो फातमा वहां ना ही फातमा मिली और ना ही दामाद। उन्होंने बताया कि जब बेटी और दामाद के बारे में पूछा तो ससुराल पक्ष के लोग गाली गलौज करने लगे और उल्टा आरोप लगाने लगे कि आपने हमारे लड़के को गायब कर दिया है। इसके बाद मृतका के घरवालों ने उसकी खोज शुरू की। 12 सितंबर की शाम उन्हें उसका शव एक नहर के किनारे झाड़ियों ने मिला। इसकी सूचना पर जयसिंगपुर चौकी इंचार्ज व नूहं सदर थाना से अजयवीर भड़ाना व नूहं के हेड क्वार्टर डीएसपी अशोक कुमार मौके पर पहुंचे और मायका पक्ष की शिकायत पर ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

 

मृतका के पति के बयान से चलते गहराया हत्या का शक

 

पुलिस को दी गई शिकायत में मृतका के मायके वालों ने बताया कि बाबूपुर का रहने वाला उनका दामाद सादम 10 सितंबर की रात करीब 10 बजे अपनी पत्नी फातमा को डॉक्टर के पास लेकर गया। उसी रात करीब 3 बजे उसने घर आकर बताया कि फातमा को किसी ने किडनैप कर लिया है। वह घर से 500 रूपए लेकर थाने में शिकायत लिखवाने पहुंचा। 11 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे उसने घर में फोन कर बताया कि वह इंद्री में है और उसके पास घर वापस आने के लिए किराया नहीं है। लड़के के परिवार वाले जब वहां पहुंचे तो सादम वहां नहीं मिला। अगले दिन उसने फोन पर बताया कि वह दिल्ली में है। उसी शाम फातमा का शव नहर के पास झाड़ियों में मिला। मृतका के परिजनों का आरोप है कि मनचाहा दहेज ना मिलने के चलते ससुराल वालों ने उसे मौत के घाट उतार दिया था।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Gourav Chouhan

Related News

static